प्राइवेट सेक्टर के एक्सिस बैंक के शेयरों में 19 अक्टूबर को दिन में 5 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। बीएसई पर शेयर 1225 रुपये के लो तक गया। बैंक का मुनाफा बढ़ने के बावजूद शेयर में बिकवाली का दबाव है। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में बैंक का स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 7,003.28 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 5,089.64 करोड़ रुपये से 37.59 प्रतिशत ज्यादा है। बैंक की कुल इनकम 14 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 42,949.32 करोड़ रुपये हो गई। सितंबर 2025 तिमाही में यह 37,594.81 करोड़ रुपये थी।
सितंबर 2026 तिमाही में शुद्ध ब्याज आय (NII) सालाना आधार पर 11.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 15,371.4 करोड़ रुपये हो गई। शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.36 प्रतिशत दर्ज किया गया। ऑपरेटिंग प्रॉफिट 11,083 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 10,412.53 करोड़ रुपये रहा था।
Axis Bank की एसेट क्वालिटी में सुधार
सितंबर 2026 तिमाही में एक्सिस बैंक का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो घटकर 1.16 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.46 प्रतिशत और एक तिमाही पहले 1.28 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी कम होकर 0.35 प्रतिशत हो गया, जो जून 2026 तिमाही में 0.39 प्रतिशत और सितंबर 2025 तिमाही में 0.44 प्रतिशत था।
सितंबर 2026 तिमाही में एक्सिस बैंक के कुल डिपॉजिट सालाना आधार पर 20.6 प्रतिशत बढ़कर 14.52 लाख करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले ये 12 करोड़ रुपये के थे। एडवांसेज 23 प्रतिशत बढ़कर 13.73 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गए। सितंबर 2025 तिमाही में ये 11.16 करोड़ रुपये के थे।
जेफरीज ने एक्सिस बैंक के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 1,700 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि बैंक का कोर प्रदर्शन उनके अनुमानों से बेहतर रहा। जेफरीज को उम्मीद है कि बेहतर मार्जिन, कम क्रेडिट कॉस्ट और लोन पोर्टफोलियो की रीबैलेंसिंग से अगले साल इक्विटी पर रिटर्न (ROE) में सुधार होगा।
जेपी मॉर्गन ने एक्सिस बैंक पर अपनी 'ओवरवेट' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 1,590 रुपये से बढ़ाकर 1,620 रुपये कर दिया है। ब्रोकरेज के अनुसार, बैंक की तिमाही कमाई अनुमानों से बेहतर रही। सिटी ने 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 1,620 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज का कहना है कि FCNR-B डिपॉजिट की वजह से हेडलाइन NIM पर असर पड़ा, जबकि कोर मार्जिन स्थिर बने रहे।
बर्नस्टीन ने एक्सिस बैंक पर 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 1,600 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज ने Q2 के प्रदर्शन को मिला-जुला बताया।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।