Azad Engineering Shares: आजाद इंजीनियरिंग के शेयरों में निवेशकों को 23 पर्सेंट तक का फायदा मिल सकता है। विदेशी ब्रोकरेज फर्म इनवेस्टेक (Investec) ने अपनी हालिया रिपोर्ट में यह अनुमान जुटाया है। ब्रोकरेज ने कंपनी के शेयरों को 'Buy (खरीदें)' के साथ कवर करना शुरू किया है। उसका मानना है कि एयरोस्पेस कंपोनेंट्स बनाने वाली इस कंपनी के पास कई सालों की ग्रोथ के लिए एक मजबूत आधार है। इनवेस्टेक ने इस शेयर को 1,850 रुपये प्रति शेयर का टारगेट दिया है। यह इसके मंगलवार के बंद भाव से करीब 23 फीसदी अधिक है।
इस रिपोर्ट के बाद आजाद इंजीनियरिंग के शेयर आज 4 सितंबर को कारोबार के दौरान 6.5 फीसदी से अधिक उछल गए। दोपहर 12.15 बजे, कंपनी के शेयर एनएसई पर 6.58 फीसदी की तेजी के साथ 1,607.05 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। यह एक मल्टीबैगर शेयर है, जिसने इस साल अपने निवेशकों को करीब 137 फीसदी का दमदार रिटर्न दिया है।
इनवेस्टेक ने कहा कि आजाद इंजीनियरिंग का बिजनेस मॉडल निवेशकों को कई आकर्षक मैक्रो थीम पर दांव लगाने का मौका देता है। इसके अलावा इसकी ग्रोथ संभावनाएं भी काफी मजबूत है। वित्त वर्ष 2024 से 2027 के दौरान कंपनी के शुद्ध मुनाफे में 40 फीसदी CAGR की दर से बढ़ोतरी का अनुमान है। साथ ही इसकी वर्किंग कैपिटल जरूरतों में कमी और RoIC के बेहतर होने का अनुमान है।
इन्वेस्टेक ने कहा कि आईपीओ के बाद से फर्म के कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन शानदार रहा है। इसमें 100 फीसदी से अधिक की तेजी आई है। यह भी एक तरह से स्टॉक के प्रति विश्वास जगाता है।
आजाद इंजीनियरिंग की 75 प्रतिशत से अधिक आमदनी एक्सपोर्ट्स से आती है, जो इसे घरेलू मार्केट में किसी भी तरह की अस्थिरता से सुरक्षा मुहैया कराता है। वित्त वर्ष 2024 के अंत में कंपनी का ऑर्डर बुक बढ़कर 3,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गया था। इसमें रोल्स रॉयस, बेकर ह्यूजेस और जीई टेनोवा से मिले हालिया ऑर्डर शामिल नहीं हैं। इसके अलावा कंपनी को GTRE के लिए एडवांस्ड टर्बो गैस जेनरेटर (ATGG) इंजनों के एंड-टूं-एंड प्रोडक्शन का भी कॉन्ट्रैक्ट मिला है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।