आज, 4 मई को देश के 5 राज्यों- पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती हो रही है। पश्चिम बंगाल में मतगणना के शुरुआती रुझानों में BJP हल्की बढ़त पर है। इस बीच फैशन रिटेलर बाजार स्टाइल रिटेल (Baazar Style Retail) के शेयरों में 9 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 424 रुपये के हाई तक गया। बाद में 5 प्रतिशत बढ़त के साथ 408 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी, स्टाइल बाजार के नाम से ऑपरेट करती है। इसकी पश्चिम बंगाल में अच्छी खासी मौजूदगी है।
इसके अभी पूरे पूर्वी भारत में 250 से ज्यादा स्टोर हैं। इन स्टोर्स में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए कपड़े, साथ ही आम जरूरत का सामान किफायती दामों पर मिलता है। पश्चिम बंगाल के चुनावों के दौरान महिलाओं और युवाओं को हर महीने एक निश्चित अमाउंट के पेमेंट को लेकर किए गए वादे अगर सत्ता में आने वाली पार्टी पूरे करती है तो बाजार स्टाइल रिटेल को फायदा हो सकता है। लोगों के हाथ में ज्यादा पैसा बचने पर खपत बढ़ेगी, यानि कि खरीद में इजाफा होने की उम्मीद है।
बंगाल के लिए BJP के मुख्य वादों में महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने 3,000 रुपये का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT), और राज्य के कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू करना शामिल है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वादों में से एक है- 'लक्ष्मी भंडार' योजना के तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये और SC/ST महिलाओं को हर महीने 1,700 रुपये दिया जाना। साथ ही एक वादा 'बांग्लार युवा-साथी' योजना के माध्यम से बेरोजगार युवाओं को 1,500 रुपये महीने देने का भी है। कांग्रेस के मुख्य वादों के तहत शामिल है- महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता और सरकारी परिवहन में मुफ्त यात्रा। साथ ही, पोस्ट-ग्रेजुएट स्तर तक मुफ्त शिक्षा। इसके अलावा सीमांत और भूमिहीन किसानों को हर साल 15,000 रुपये की सहायता।
Baazar Style Retail का शेयर एक महीने में 35 प्रतिशत मजबूत
शेयर में आई तेजी से बाजार स्टाइल रिटेल का मार्केट कैप बढ़कर 3000 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 45.71 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक महीने में 35 प्रतिशत और साल 2026 में अब तक 50 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुआ है। 2 सप्ताह में 20 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है। फेस वैल्यू 5 रुपये है।
अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 466.46 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 18.97 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1,343.55 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 51.49 करोड़ रुपये रहा। पश्चिम बंगाल में सुबह 11 बजे तक 280 सीटों के रूझानों मे BJP 181 सीटों पर आगे चल रही थी। वहीं TMC 99 सीटों पर आगे चल रही थी। कांग्रेस भी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।