एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर की कंपनी आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी लिमिटेड (Ideaforge Technology Ltd) के शेयरों में 4 मई को जबरदस्त तेजी रही। BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 20 प्रतिशत चढ़कर 731.10 रुपये के हाई तक गई और अपर सर्किट लगा। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। कंपनी का मार्केट कैप 3100 करोड़ रुपये के पार निकल गया है। कंपनी ने गुरुवार, 30 अप्रैल को तिमाही नतीजे जारी किए थे, इन पर निवेशकों की प्रतिक्रिया सोमवार को सामने आ रही है। शुक्रवार, 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर शेयर बाजार बंद था।
जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा लगभग 60 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 26 करोड़ रुपये के घाटे में थी। EBITDA पॉजिटिव होकर 62 करोड़ रुपये रहा, जबकि मार्च 2025 तिमाही में इसने 22 करोड़ रुपये का EBITDA लॉस देखा था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 7 गुना बढ़कर 141 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 20 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 226.13 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध घाटा 17 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले कंपनी 62.27 करोड़ रुपये के घाटे में थी। कमाई 161.21 करोड़ रुपये थी।
IIFL ने Ideaforge Technology का शेयर किया अपग्रेड, टारगेट बढ़ाया
ब्रोकरेज IIFL ने आइडियाफोर्ज टेक्नोलॉजी के शेयर को डबल अपग्रेड किया है। रेटिंग को 'रिड्यूस' से बढ़ाकर सीधा 'बाय' कर दिया है। टारगेट प्राइस भी 271 रुपये से बढ़ाकर 1,187 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 33.34 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 2 सप्ताह में 58 प्रतिशत और एक महीने में 84 प्रतिशत मजबूत हुआ है। एक सप्ताह में कीमत 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देख चुकी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।