Bajaj Auto Q1 Results: दिग्गज दोपहिया कंपनी बजाज ऑटो के लिए चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही उम्मीद से भी बेहतर रही। जून तिमाही में कंपनी को 1988 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ। यह मार्केट के अनुमान से अधिक रहा। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 11,928 करोड़ रुपये का रहा। मनीकंट्रोल ने सात ब्रोकरेजेज के बीच जो पोल कराया था, उसमें अनुमान लगाया गया था कि कंपनी को सालाना आधार पर 18 फीसदी की ग्रोथ के हिसाब से 1965 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 14 फीसदी की ग्रोथ रेट से 11,793 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल होगा। हालांकि जब आज नतीजे आए तो रेवेन्यू करीब 16 फीसदी और मुनाफा 19 फीसदी की दर से बढ़ा।
Bajaj Auto Q1 Results की खास बातें
जून 2024 तिमाही में बजाज ऑटो का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19.44 फीसदी उछलकर 1,988.34 करोड़ रुपये और रेवेन्यू 15.70 फीसदी उछलकर 11,928.02 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। गाड़ियों की बिक्री और स्पेयर्स की रिकॉर्ड बिक्री से ओवरऑल रेवेन्यू को सपोर्ट मिला। मार्च 2024 तिमाही में इसे 11,484.68 करोड़ रुपये का ऑपरेशनल रेवेन्यू और 1,936.00 करोड़ रुपये का मुनाफा हासिल हुआ था। सेल्स की बात करें तो जून 2024 तिमाही में सालाना आधार पर 10,27,091 यूनिट्स से उछलकर यह 11,02,056 यूनिट्स पर पहुंच गया। इसके घरेलू बिजनेस की बात करें तो लगातार नवीं तिमाही इसकी ग्रोथ दोहरे अंकों में रही। कंपनी के पास 16764 करोड़ रुपये का सरप्लस कैश है जिससे आगे की ग्रोथ के लिए कंपनी के पास निवेश का काफी मौका है।
शानदार नतीजे पर चढ़े बजाज ऑटो के शेयर
नतीजे आने से पहले बजाज ऑटो के शेयर आज काफी सुस्त दिख रहे थे। यह ग्रीन और रेड जोन में झूल रहा था। नतीजे आने के बाद 2.42 फीसदी उछलकर यह 9,909.95 रुपये पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में BSE पर यह 0.21 फीसदी की बढ़त के साथ 9696.25 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पिछले महीने 18 जून 2024 को यह 10,037.30 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर था और पिछले साल 14 अगस्त 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 4,544.00 रुपये पर था।