Multibagger Stock: बजाज ग्रुप (Bajaj Group) की ऑटो कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto) निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है। करीब 14 साल में इसने निवेशकों के पैसों को 23 गुना बढ़ाया है और अब मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसमें आगे भी 21 फीसदी तेजी के आसार दिख रहे हैं।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म केआर चोकसे (KR Choksey) ने इसमें निवेश के लिए 4438 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है। बजाज ऑटो के शेयर आज 20 अक्टूबर को 3695.85 रुपये के भाव (Bajaj Auto Share Price) के भाव पर बंद हुए हैं।
14 साल में 23 गुना बढ़ा दिया है पैसा
बजाज ऑटो के शेयर 5 दिसंबर 2008 को 157.45 रुपये के भाव पर थे जो अब बढ़कर 3695.85 रुपये पहुंच चुका है। इसका मतलब हुआ कि बजाज ऑटो ने निवेशकों के पैसे को 14 साल में 23 गुना बढ़ा दिया है। पिछले साल 20 दिसंबर 2021 को यह 3028.35 रुपये के एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर था। उसके बाद खरीदारी बढ़ी और इस साल 1 सितंबर 2022 तक यह 36 फीसदी उछलकर 4130.15 रुपये के भाव तक पहुंच गया जो 52 हफ्ते का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। अभी इसके शेयर इस ऊंचे लेवल से करीब 10 फीसदी डिस्काउंट पर हैं।
अब आगे कैसी रहेगी शेयरों की चाल
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक सप्लाई चेन से जुड़ी दिक्कतों से बजाज ऑटो उबर चुका है और जुलाई-सितंबर 2022 में घरेलू होलसेल वॉल्यूम रिकवरी में दिखा। ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि कमोडिटी के भाव में नरमी और ऑपरेटिंग लीवरेज के चलते कंपनी के मार्जिन में आगे सुधार दिख सकता है।
दोपहिया और तिपहिया की घरेलू बिक्री और निर्यात में रिकवरी के चलते बजाज ऑटो को लेकर पॉजिटिव रूझान हैं। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म ने इसमें निवेश के लिए 4483 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है। पहले इसकी रेटिंग अकम्यूलेट थी जिसे ब्रोकरेज फर्म ने अपग्रेड किया है।
Bajaj Auto के लिए शानदार रही सितंबर तिमाही
देश की दूसरी सबसे बड़ी और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी दोपहिया कंपनी बजाज ऑटो (Bajaj Auto) का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 20 फीसदी बढ़कर 1,530.00 करोड़ रुपये रहा। तिमाही आधार पर इसके मुनाफे में 30 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कंपनी का रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 10,202.77 करोड़ रुपये रहा। वहीं इसका ऑपरेटिंग मार्जिन सितंबर तिमाही में करीब 1.25 फीसदी बढ़कर 17.2 फीसदी पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।