FMCG कंपनी बजाज कंज्यूमर केयर के शेयरों में 17 अप्रैल को जबरदस्त तेजी है। दिन में शेयर पिछले बंद भाव से 15.5 प्रतिशत तक चढ़ा। BSE पर भाव 495.20 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है। बाद में शेयर लगभग 10 प्रतिशत बढ़त के साथ 470.45 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही और वित्त वर्ष 2026 के नतीजे जारी किए हैं। तिमाही के दौरान परफॉरमेंस शानदार रही। कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 105 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी के साथ 63.59 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 30.98 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 30 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 326.66 करोड़ रुपये रहा। मार्च 2025 तिमाही में यह 250.49 करोड़ रुपये था। बजाज कंज्यूमर केयर ने शेयर बाजारों को बताया है कि मार्च 2026 तिमाही में उसके खर्च 255 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले खर्च 221.38 करोड़ रुपये के थे।
EBITDA 77 करोड़ रहा, जबकि एक साल पहले यह 32 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 23.4 प्रतिशत हो गया, जबकि मार्च 2025 तिमाही में यह 12.7 प्रतिशत था। वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 1164.71 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। एक साल पहले यह 964.82 करोड़ रुपये था।
Bajaj Consumer Care का शेयर एक साल में 170 प्रतिशत मजबूत
बजाज कंज्यूमर केयर का मार्केट कैप शेयर में बंपर खरीद की बदौलत 6100 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 42.97 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 170 प्रतिशत और 6 महीनों में 75 प्रतिशत चढ़ा है। 3 महीनों में इसने 67 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 30 प्रतिशत की बढ़त देखी है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड लो 161.50 रुपये है। शेयर की फेस वेल्यू 1 रुपये है।
कंपनी अगस्त 2010 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। Bajaj Consumer Care हेयर केयर, स्किन केयर और हाइजीन सेगमेंट में प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है। बजाज आल्मंड ड्रॉप्स, बजाज ब्राह्मी आम्ला, बजाज सरसों तेल, बजाज 100% कोकोनट ऑयल, बजाज आंवला एलोवेरा, बजाज गुलाब जल इसी कंपनी के प्रोडक्ट हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।