देश की बड़ी नॉन बैंकिंग फाइनेंस कंपनी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) ने स्टॉक स्प्लिट (Stock Split) और बोनस इक्विटी (Bonus Equity) शेयरों के लिए रिकॉर्ड तय कर दिया है। इसके चलते आज 30 अगस्त को बजाज फिनसर्व के शेयरों में शानदार खरीदारी दिख रही है। फिलहाल यह BSE पर 5% तेजी के साथ 16774.05 रुपए पर ट्रेड कर रहा है। रिकॉर्ड डेट से यह तय होता है कि किन शेयरधारकों को कंपनी के बोनस शेयर मिलेंगे। कंपनी ने सोमवार को रेगुलेटर को दी गई जानकारी में रिकॉर्ड डेट के बारे में बताया था। बजाज फिनसर्व मुख्य रूप से इंश्योरेंस, ब्रोकिंग और निवेश जैसे वित्तीय सेवाओं के कारोबार में है।
पिछले महीने बोर्ड ने स्टॉक स्प्लिट-बोनस किया था मंजूर
पिछले महीने 28 जुलाई 2022 को बजाज फिनसर्व के बोर्ड ने 5 रुपये फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयरों को 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले पांच इक्विटी शेयरों में बांटने की मंजूरी दी थी। इसके अलावा 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयरों पर एक अतिरिक्त शेयर बोनस देने की मंजूरी दी है।
बजाज फिनसर्व के मैनेजमेंट के मुताबिक कंपनी के आगे शेयर प्राइस बढ़ने के कारण छोटे निवेशकों के लिए ये शेयर खरीदना मुश्किल हो जाता। इसके चलते स्टॉक स्प्लिट का फैसला लिया गया। इसके अलावा शेयरधारकों को रिवार्ड देने के लिए बोनस शेयर देने का फैसला किया गया। अभी कंपनी के कुल शेयरधारकों में 98 फीसदी हिस्सेदारी रिटेल निवेशकों की है और इनके पास कुल पेड-अप शेयरों में 17.52 फीसदी होल्डिंग है।
तीन महीने में शेयरों का शानदार प्रदर्शन
बजाज फिनसर्व के शेयरों में पिछले तीन महीने शानदार खरीदारी का रूझान दिखा। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स की तुलना में इसमें अधिक उछाल रही। इसके शेयर तीन महीने में 30 फीसदी मजबूत हुए जबकि इस अवधि में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) महज 4.5 फीसदी मजबूत हुआ।
कुछ दिनों पहले 17 अगस्त 2022 को इसके शेयर 17145 रुपये के भाव पर थे जो इस महीने का रिकॉर्ड भाव है। पिछले साल 19 अक्टूबर 2021 को बीएसई पर यह 19319.95 रुपये के 52 हफ्ते के रिकॉर्ड भाव पर था और इस साल 1 जुलाई 2020 को 10777 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर था।