Bajaj Housing Finance Shares: बजाज हाउसिंग फाइनेंस के शेयर मंगलवार 22 अक्टूबर को शुरुआती कारोबार में 4 प्रतिशत तक उछल गए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी उसके सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद आई है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 21 प्रतिशत बढ़कर 545.6 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले साल इसी तिमाही में 451 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही, कंपनी का रेवेन्यू भी पिछले साल की 26 प्रतिशत बढ़कर 2,410 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,911 करोड़ रुपये था।
दूसरी तिमाही में कंपनी के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) में भी मजबूत ग्रोथ दर्ज की गई, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 26 प्रतिशत बढ़ी। वहीं एबसॉल्यूट AUM ग्रोथ भी एक जैसी बनी हुई है और पिछली दो तिमाहियों से एक ही सीमा के भीतर बनी हुई है।
इस बीच, कंपनी का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (Gross NPA) 0.24 प्रतिशत से बढ़कर 0.29 प्रतिशत हो गई। जबकि शुद्ध एनपीए (Net NPA) 0.09 प्रतिशत से बढ़कर 0.12 प्रतिशत हो गया। प्रोविजन कवरेज रेशियो (PCR) 57.87 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 60.79 प्रतिशत था।
पिछले महीने शेयर बाजारों में अपनी धमाकेदार लिस्टिंग के बाद से ही यह शेयर चर्चा में है। बजाज हाउसिंग फाइनेंस के शेयर 136 प्रतिशत के प्रीमियम पर लिस्ट हुए थे, जिससे निवेशकों का पैसा दोगुना हो गया। लिस्टिंग के बाद भी इसके शेयरों में तेजी जारी रही थी और सितंबर में एक समय इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 1.4 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया था, जिससे यह देश की सबसे मूल्यवान हाउसिंग फाइनेंस कंपनी बन गई।
हालांकि, 188.50 रुपये के अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर को छूने के बाद से, शेयर में कुछ मुनाफावसूली देखी गई और पिछले महीने यह शेयर 15 प्रतिशत से अधिक गिर गया। दोपहर 12.45 बजे के करीब, बजाज हाउसिंग फाइनेंस के शेयर एनएसई पर 0.05 फीसदी की तेजी के साथ 136.67 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे।
एक्सपर्ट्स की क्या है राय?
ब्रोकरेज फर्म HSBC ने बजाज हाउसिंग फाइनेंस को 'रिड्यूस' की रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 110 रुपये रखा है। HSBC का कहना है कि कंपनी का Q2 प्रॉफिट तो अच्छा था, लेकिन कोर अर्निंग प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा। उनका मानना है कि कंपनी की EPS (अर्निंग्स पर शेयर) ग्रोथ धीमी हो सकती है क्योंकि AUM (एसेट्स अंडर मैनेजमेंट) की ग्रोथ कम हो रही है और क्रेडिट कॉस्ट सामान्य हो रही है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।