सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (BoB) के शेयरों में सोमवार, 11 मई को तेजी देखने को मिल सकती है। इसकी वजह है मार्च तिमाही में अच्छी परफॉरमेंस और डिविडेंड का ऐलान। बैंक ने शुक्रवार, 8 मई को वित्तीय नतीजे जारी किए थे। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 5,616 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 5,048 करोड़ रुपये था।
कुल आय बढ़कर 36,609 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 35,852 करोड़ रुपये थी। मार्च 2026 तिमाही में बैंक की ब्याज आय बढ़कर 32,642 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले 30,642 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज आय (NII) बढ़कर 12,494 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 11,020 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का शुद्ध मुनाफा 2 प्रतिशत बढ़कर 20,021 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 19,581 करोड़ रुपये था। कुल आय बढ़कर 1,42,750 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 1,38,089 करोड़ रुपये थी।
Bank of Baroda देगी कितना डिविडेंड
बैंक के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 2 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 8.50 रुपये का डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इस पर अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। वित्त वर्ष 2025 के लिए बैंक ने 8.35 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड देने का फैसला किया था।
शुक्रवार को शेयर BSE पर 264.05 रुपये पर बंद हुआ था। बैंक का मार्केट कैप 1.36 लाख करोड़ रुपये है। शेयर साल 2026 में अब तक 8 प्रतिशत से ज्यादा नीचे आया है। शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 325.55 रुपये और एडजस्टेड लो 212.40 रुपये है।
बैंक की एसेट क्वालिटी में कितना सुधार
मार्च 2026 तिमाही में Bank of Baroda का ग्रॉस NPA (नॉन परफॉर्मिंग एसेट्स) रेशियो घटकर ग्रॉस एडवांसेज का 1.89 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 2.26 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी घटकर 0.45 प्रतिशत रह गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 0.58 प्रतिशत था।
मार्च 2026 तिमाही के आखिर तक बैंक के डिपॉजिट 1648487.23 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले ये 1472034.85 करोड़ रुपये के थे। एडवांसेज 1409094.12 करोड़ रुपये के रहे, जबकि मार्च 2025 तिमाही के आखिर में ये 120955790 करोड़ रुपये के थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।