Banking Stocks: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक Bandhan Bank के शेयरों में आज शानदार खरीदारी का रुझान दिख रहा है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म KRChoksey ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है लेकिन टारगेट प्राइस में कटौती कर दी है। बंधन बैंक के दिसंबर 2022 तिमाही के कमजोर नतीजे के चलते ब्रोकरेज फर्म ने इसका टारगेट प्राइस 385 रुपये से करीब 21 फीसदी घटाकर 305 रुपये (Bandhan Bank Target Price) कर दिया है। हालांकि यह टारगेट प्राइस भी मौजूदा लेवल से 25 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर अभी बीएसई पर 1.03 फीसदी के उछाल के साथ 244.25 रुपये के भाव (Bandhan Bank Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं।
Bandhan Bank के टारगेट प्राइस में कटौती क्यों?
सुस्त कारोबार के चलते बंधन बैंक का वित्तीय प्रदर्शन दिसंबर 2022 तिमाही में फीका रहा। बैंक को ब्याज से कमाई कम हुई और प्रोविजन्स में बढ़ोतरी ने भी इसके मुनाफे पर असर डाला। एमएफआई सेग्मेंट की कम ग्रोथ के चलते इसका क्रेडिट ग्रोथ प्रभावित हुआ। बैंक फिलहाल नॉन-एमएफआई पोर्टफोलियो को मजबूत करने पर अधिक जोर दे रहा और इसका लक्ष्य वित्त वर्ष 2025 तक अपने पोर्टफोलियो को डाईवर्सिफाई करने की है यानी कि बैंक का एमएफआई पोर्टफोलियो कम होगा।
बैंक मजबूत लाइबिलिटी फ्रेंचाइजी बनाने पर जोर दे रहा है जिससे इसे नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) को मेंटेन करने में मदद मिलेगी। एसेट क्वालिटी की बात करें तो एमएफआई के स्ट्रेस्ड एसेट पूल पर सावधान रहने की जरूरत है। इन सब वजहों से ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2024 के लिए अपने अनुमान में कटौती कर दी है। ब्रोकरेज ने इसकी खरीदारी की रेटिंग तो बरकरार रखी तो है लेकिन टारगेट प्राइस को घटा दिया है।
शेयरों का ऐसा रहा प्रदर्शन
बंधन बैंक के शेयर पिछले साल 17 मई 2022 को 349.50 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। हालांकि इसके बाद बिकवाली के चलते छह महीने में यह 40 फीसदी टूटकर 22 नवंबर 2022 को 209.45 रुपये के भाव पर आ गया। यह 52 हफ्ते का रिकॉर्ड निचला स्तर है। बंधन बैंक के शेयरों में फिर से खरीदारी का रुझान लौटा और अब तक यह 17 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अभी भी यह एक साल के हाई लेवल से 30 फीसदी डिस्काउंट पर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।