Bayer CropScience Shares: पेस्टिसाइड्स और एग्रोकेमिकल्स कंपनी बेयर क्रॉपसाइंस के शेयर आज ढहते मार्केट में भी रॉकेट बन गए। सेंसेक्स की मंथली एक्सपायरी के दिन आज मार्केट में बिकवाली के भारी दबाव के बीच इसका शेयर करीब 13 फीसदी उछल गया। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 10.67 फीसदी की बढ़त के साथ 5677.40 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। हालांकि इंट्रा-डे में यह और ऊपर 14.12 फीसदी की तेजी के साथ 5854.10 रुपये के भाव तक पहुंचा था।
Bayer CropScience के कारोबारी नतीजे की खास बातें
मार्च 2025 तिमाही में सालाना आधार पर बेयर क्रॉपसाइंस का ऑपरेशनल रेवेन्यू 32.07 फीसदी उछलकर ₹1046.4 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 49.27% चढ़कर ₹143.3 करोड़ पर पहुंच गया। अब पूरे वित्त वर्ष 2025 की बात करें तो बेयर क्रॉप साइंस का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 23.29% गिरकर वित्त वर्ष 2025 में ₹568.0 करोड़ पर आ गया लेकिन इसी दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 7.19% उछलकर ₹5473.4 करोड़ पर पहुंच गया। नतीजे के अलावा 26 मई को हुई कंपनी के बोर्ड की बैठक में डिविडेंड पर फैसला हुआ। बोर्ड ने हर शेयर पर वित्त वर्ष 2025 के लिए ₹35 के फाइनल डिविडेंड को मंजूरी दी है। इसके रिकॉर्ड डेट पर अभी कोई डिटेल्स नहीं है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
बेयर क्रॉपसाइंस के शेयर पिछले साल 8 अगस्त 2024 को 7189.90 रुपये पर थे जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से छह महीने में यह 41 फीसदी से अधिक फिसलकर 13 फरवरी 2025 को 4220.05 रुपये के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 6 एनालिस्ट्स में से किसी ने इसे सेल रेटिंग नहीं दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस 5600 रुपये और लोएस्ट टारगेट प्राइस 5000 रुपये है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।