BEML Share Price: दो दिन में 22% का तगड़ा उछला, क्या आगे भी बनेगा मोटा पैसा?

BEML के शेयरों में दो दिन में 22% की तेजी आई, जो बेंगलुरु मेट्रो से मिले ₹405 करोड़ के ऑर्डर के बाद हुई। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में नया माइनिंग प्लांट और कई अंतरराष्ट्रीय साझेदारियां की हैं, जिससे भविष्य में ग्रोथ की उम्मीद है।

अपडेटेड Mar 29, 2025 पर 7:38 AM
Story continues below Advertisement
BEML के शेयर ने 52-सप्ताह के निचले स्तर ₹2,350 (3 मार्च 2025) से 43% की रिकवरी कर ली है।

BEML Share Price: BEML के शेयरों में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को 7% की तेजी आई। यह ₹3,367.90 के स्तर तक पहुंच गया। आखिरी दो दिनों में कंपनी के शेयरों में 22% की उछाल देखी गई है। यह तेजी बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMRCL) से मिले ₹405 करोड़ के ऑर्डर के बाद आई है।

BEML के लिए पॉजिटिव बात क्या है?

BEML को बेंगलुरु मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत स्टैंडर्ड गेज मेट्रो कोचों के डिजाइन, निर्माण, आपूर्ति, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इस प्रोजेक्ट के तहत कंपनी 15 साल तक इन मेट्रो ट्रेनों का मेंटेनेंस भी करेगी।


बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, रेलवे और मेट्रो प्रोजेक्ट्स में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इससे BEML जैसी कंपनियों को लगातार नए ऑर्डर मिलने की संभावना बनी हुई है। खासतौर पर मुंबई मेट्रो (लाइन 4, 5 और 6) और भुवनेश्वर मेट्रो जैसे प्रोजेक्ट्स आने वाले वर्षों में कंपनी के कारोबार को और मजबूती दे सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में नया माइनिंग इक्विपमेंट प्लांट

BEML ने हाल ही में ऐलान किया था कि वह छत्तीसगढ़ में एक नया माइनिंग इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी। इस प्लांट में हाई-परफॉर्मेंस डंप ट्रक, वाटर स्प्रिंकलर और मोटर ग्रेडर बनाए जाएंगे।

कंपनी का कहना है कि यह प्लांट खनन और इन्फ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। भारत में माइनिंग सेक्टर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे BEML के कारोबार में भी उछाल आने की उम्मीद है।

BEML का देश-विदेश में बड़ा विस्तार

BEML ने हाल के महीनों में कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारियां की हैं। इसने ड्रेजिंग समाधान (Dredging Solutions) को मजबूत करने के लिए Dragflow S.R.L. के साथ साझेदारी की है। इसका मकसद जल संसाधन प्रबंधन और पोर्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार करना है।

BEML और Siemens India ने एक गैर-बाध्यकारी (Non-Binding) समझौता किया है। यह साझेदारी सेमी-हाई-स्पीड और उपनगरीय यात्री ट्रेनों (Metro और Commuter Rail) के विकास के लिए की गई है। यह सौदा भारत में मेट्रो और रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के मद्देनजर किया गया है।

BEML और STX Engine (South Korea) के बीच एक रणनीतिक करार हुआ है। इस समझौते के तहत, दोनों कंपनियां बैटल टैंक इंजन, मरीन इंजन, इंजन स्पेयर पार्ट्स और अन्य महत्वपूर्ण रक्षा उपकरणों का संयुक्त रूप से निर्माण करेंगी। समझौते में भारतीय रक्षा क्षेत्र को आपूर्ति के अलावा अन्य मित्र देशों को निर्यात करने की योजना भी शामिल है।

BEML के शेयरों का हाल

शुक्रवार (28 मार्च) को BEML के शेयर 2.85% उछाल के साथ 3,230.00 रुपये पर बंद हुए। हालांकि, इंट्राडे में यह करीब 6 फीसदी की तेजी के साथ 3,367.90 के स्तर तक भी पहुंच गया था। पिछले दो दिनों की तेजी के साथ, BEML के शेयर ने 52-सप्ताह के निचले स्तर ₹2,350 (3 मार्च 2025) से 43% की रिकवरी कर ली है। पिछले साल 5 जुलाई 2024 को इसका 52-सप्ताह का उच्चतम स्तर ₹5,488 था।

BEML पर ब्रोकरेज की राय

ब्रोकरेज फर्म Elara Capital का मानना है कि BEML की आमदनी में प्रमुख योगदान माइनिंग और कंस्ट्रक्शन (43%), रक्षा और एयरोस्पेस (19%) और रेलवे एवं मेट्रो (38%) का रहेगा। हालांकि, मुंबई मेट्रो प्रोजेक्ट में देरी के कारण R&M सेक्टर की आय में थोड़ी गिरावट आई है, लेकिन जनवरी-मार्च तिमाही (Q4FY25) में इसके बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

इसके पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, वंदे भारत ट्रेनों और मुंबई मेट्रो के ऑर्डर्स का पूरा होना। और दूसरा रक्षा क्षेत्र में Tatra ट्रकों की आपूर्ति।

यह भी पढ़ें : Multibagger Stock: 5 साल में 2000% का मिला रिटर्न, एक साल में 237% चढ़ा शेयर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।