BEML Share Price: मॉरीशस से मिला ₹63 करोड़ का ऑर्डर, शेयर 3% तक उछला; क्या निवेश का है सही मौका

BEML Share Price: यह ऑर्डर BE220G हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर्स की सप्लाई के लिए है। इस ऑर्डर के साथ कंपनी की इंटरनेशनल ऑर्डर बुकिंग्स का आंकड़ा लगभग 11.9 लाख अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है। इससे पहले हाल ही में HAL से 184.25 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर मिला था

अपडेटेड Aug 17, 2026 पर 1:34 PM
BEML भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के तहत आती है।

सरकारी कंपनी BEML Limited के शेयरहोल्डर्स के​ लिए 17 अगस्त का दिन अच्छा बीत रहा है। दिन में शेयर की कीमत BSE पर पिछले बंद भाव से करीब 3 प्रतिशत तक उछलकर 1928 रुपये के हाई तक गई। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 15900 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। शेयर में बढ़त की अहम वजह है- मॉरीशस से 66.5 लाख अमेरिकी डॉलर का ऑर्डर मिलना। भारतीय करेंसी में यह अमाउंट करीब 63.59 करोड़ रुपये होता है। BEML ने शुक्रवार को शेयर बाजारों को बताया था कि यह ऑर्डर BE220G हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर्स की सप्लाई के लिए है।

इन्हें प्रमुख अफ्रीकी बाजारों जैसे लाइबेरिया, सिएरा लियोन, घाना, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC), कोटे डी आइवर और पड़ोसी देशों में डिप्लॉय किया जाएगा। इस ऑर्डर को अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसकी शुरुआत सिएरा लियोन में पायलट डिप्लॉयमेंट से होगी।

BEML ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी कॉम्प्रिहैन्सिव वॉरंटी, तकनीकी सहायता, साइट पर सर्विस सपोर्ट, ऑपरेटर ट्रेनिंग, स्पेयर पार्ट्स, स्पेशलाइज्ड टूल्स और मेंटेनेंस से जुड़े डॉक्यूमेंट्स उपलब्ध कराएगी। इस ऑर्डर के साथ BEML की इंटरनेशनल ऑर्डर बुकिंग्स का आंकड़ा लगभग 11.9 लाख अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है।


BEML शेयर 2 सप्ताह में 9 प्रतिशत मजबूत

BEML भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के तहत आती है। इसके शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर की कीमत 2 सप्ताह में करीब 9 प्रतिशत चढ़ी है। 3 साल में शेयर 85 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 2,276.75 रुपये और एडजस्टेड लो 1,361.10 रुपये है। BEML के शेयर के लिए ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर ने 'एक्युमुलेट' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 1940 रुपये से बढ़ाकर 2011 रुपये प्रति शेयर कर दिया है।

BEML का पुराना नाम भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड था। कंपनी को इससे पहले हाल ही में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड से 184.25 करोड़ रुपये का एक ऑर्डर मिला है। यह ऑर्डर लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर फ्यूजलेज एयरोस्ट्रक्चर्स की मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई के लिए है।

Physics Wallah Share Price: घाटा 35% घटने से बंपर खरीद, शेयर 9% तक भागा; अब क्या हो निवेशकों की रणनीति

जून तिमाही में घाटा 58 प्रतिशत गिरा

अप्रैल-जून 2026 तिमाही में BEML का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा सालाना आधार पर लगभग 58 प्रतिशत गिरकर 27 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले घाटा 64.11 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 819.62 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 633.99 करोड़ रुपये था। खर्च 854.91 करोड़ रुपये के रहे, जो जून 2025 तिमाही में 712.84 करोड़ रुपये के थे।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।