राधाकिशन दमानी ने एग्रोकेमिकल्स बनाने वाली कंपनी में खरीदी हिस्सेदारी, शेयर 8% उछला

Bhagiradha Chemicals and Industries Stock Price: राधाकिशन दमानी के पास भागीरदा केमिकल्स में कोई पूर्व हिस्सेदारी नहीं थी, न तो व्यक्तिगत रूप से और न ही उनकी एंटिटीज के माध्यम से। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024 के लिए अपने शेयरधारकों को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 10 पैसे का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है

अपडेटेड Jun 06, 2024 पर 4:16 PM
भागीरदा केमिकल्स एग्रोकेमिकल्स, कीटनाशकों और हर्बीसाइड्स की निर्माता और डिस्ट्रीब्यूटर है।

Bhagiradha Chemicals and Industries Share Price: दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी के मालिकाना हक वाली एक कंपनी ने ब्लॉक डील के माध्यम से भागीरदा केमिकल्स एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड में हिस्सेदारी खरीदी है। इसके चलते भागीरदा केमिकल्स एंड इंडस्ट्रीज के शेयरों में 6 जून को 8 प्रतिशत का उछाल दिखा। शेयर सुबह एनएसई पर बढ़त के साथ 242 रुपये पर खुला। तुरंत ही यह ​अपने पिछले बंद भाव से 18 प्रतिशत से ज्यादा उछला और 263 रुपये के हाई तक चला गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 8.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ 241.25 रुपये पर सेटल हुआ।

एक्सचेंजों पर उपलब्ध डेटा के अनुसार, राधाकिशन दमानी (Radhakishan Damani) की डेराइव ट्रेडिंग एंड रिसॉर्ट्स ने प्रति शेयर ₹188.49 की औसत कीमत पर भागीरदा केमिकल्स एंड इंडस्ट्रीज के 43.06 लाख शेयर खरीदे। खरीदे गए शेयरों की संख्या कंपनी की कुल इक्विटी का लगभग 3.5% है। मार्च 2024 तिमाही के आखिर में भागीरदा केमिकल्स एंड इंडस्ट्रीज में 3.5% हिस्सेदारी रखने वाले पब्लिक शेयरहोल्डर चेतन शांतिलाल शाह इस लेन-देन में विक्रेता रहे। उन्होंने कंपनी में अपनी पूरी शेष हिस्सेदारी बेच दी।

दमानी की पहले से नहीं थी भागीरदा केमिकल्स में हिस्सेदारी


भागीरदा केमिकल्स एग्रोकेमिकल्स, कीटनाशकों और हर्बीसाइड्स की निर्माता और डिस्ट्रीब्यूटर है। सुपरमार्केट चेन डीमार्ट की पेरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के प्रमोटर राधाकिशन दमानी के पास भागीरदा केमिकल्स में कोई पूर्व हिस्सेदारी नहीं थी, न तो व्यक्तिगत रूप से और न ही उनकी एंटिटीज के माध्यम से। 9 मई, 2024 तक भागीरदा केमिकल्स के प्रमोटरों के पास कंपनी में केवल 20% हिस्सेदारी थी। हालांकि, इसमें कोई बड़ी संस्थागत हिस्सेदारी नहीं है, लेकिन ऑल्टरनेट इनवेस्टमेंट फंड के पास 3.14% हिस्सेदारी है।

BHEL का शेयर 13% चढ़ा, अदाणी पावर की सब्सिडियरी से ₹3500 करोड़ के ऑर्डर का असर

कुछ वक्त पहले किया था स्टॉक स्प्लिट

हाल ही में भागीरदा केमिकल्स ने स्टॉक स्प्लिट की घोषणा की, जिसके तहत ₹10 फेस वैल्यू वाले एक शेयर को ₹1 फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा किया गया। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2024 के लिए अपने शेयरधारकों को 1 रुपये फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 10 पैसे का फाइनल डिविडेंड देने की सिफारिश की है। इस पर 9 अगस्त को कंपनी की 31वीं सालाना आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।