BHEL Share Price: सरकारी कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के शेयर 6 जून को 9 प्रतिशत उछल गए। एक दिन पहले कंपनी ने कहा था कि उसे रायपुर में 1,600 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट (टीपीपी) लगाने के लिए अदाणी पावर की सब्सिडियरी मिर्जापुर थर्मल एनर्जी (UP) प्राइवेट लिमिटेड की ओर से ऑर्डर मिला है। इसकी वैल्यू 3,500 करोड़ रुपये है। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई सूचना में कहा गया कि बॉयलर और टरबाइन जनरेटर का निर्माण क्रमश: त्रिची और हरिद्वार प्लांट में किया जाएगा।
6 जून को सुबह बीएसई पर भेल का शेयर बढ़त के साथ 271 रुपये पर खुला और तुरंत ही पिछले बंद भाव से 14.5 प्रतिशत चढ़कर 292.45 रुपये पर पहुंच गया। शेयर के लिए सर्किट लिमिट को इंट्राडे के लिए 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया। कारोबार बंद होने पर शेयर 9 प्रतिशत की मजबूती के साथ 278.15 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 96800 करोड़ रुपये है।
भेल ने शेयर बाजारों को बताया है कि अदाणी पावर से मिले ऑर्डर की प्रकृति उपकरणों- बॉयलर, टरबाइन, जनरेटर और संबंधित सहायक उपकरण की आपूर्ति, नियंत्रण और इंस्ट्रूमेंटेशन की और इरेक्शन व कमीशनिंग के सुपरविजन की है।
4 जून को आई थी बड़ी गिरावट
4 जून को लोकसभा चुनाव के नतीजों के दिन BHEL के शेयर में इंट्रा डे में 28 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट दिखी थी। लेकिन बाद में शेयर करीब 21 प्रतिशत की गिरावट में बंद हुआ। 5 जून को यह 3.6 प्रतिशत रिकवर होकर 255.25 रुपये पर क्लोज हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।