सरकारी कंपनी भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के शेयरहोल्डर्स के लिए 23 अप्रैल काफी भारी रहा। ऐसा इसलिए क्योंकि दिन में शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 5.4 प्रतिशत तक गिरी। BSE पर शेयर 33.90 रुपये के लो तक गया। बाद में 34.02 रुपये पर बंद हुआ। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंपनी की परफॉरमेंस कमजोर रहने की वजह से शेयर में बिकवाली का दबाव है। कोल इंडिया की सब्सिडियरी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया कि तिमाही के दौरान शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग 60 प्रतिशत कम होकर 27.28 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले यह 66.5 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 15 प्रतिशत गिरकर 3,282.95 करोड़ रुपये पर आ गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 3,865.79 करोड़ रुपये था। मार्च 2026 तिमाही के दौरान कच्चे कोयले का ऑफटेक यानि डिस्पैच 7.22 MT रहा। मार्च 2025 तिमाही में यह 9.88 MT था।
पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान BCCL का ऑपरेशंस से रेवेन्यू घटकर 13,644.78 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 15,917.21 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा कम होकर 128.28 करोड़ रुपये पर आ गया, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 1240.19 करोड़ रुपये था। कच्चे कोयले का ऑफटेक 33.05 MT दर्ज किया गया, जो एक साल पहले 38.3 MT था।
धुले हुए कोकिंग कोल की कीमतों में बदलाव
भारत कोकिंग कोल ने अपने धुले हुए कोकिंग कोल की कीमतों में बदलाव किया है। यह वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए 1 अप्रैल, 2026 से लागू होगी। अब धुले हुए प्राइम कोकिंग कोल (PCC) के लिए बेसिक प्राइस 13,043 रुपये प्रति MT और धुले हुए मीडियम कोकिंग कोल (MCC) के लिए 10,937 रुपये प्रति MT तय किया गया है।
इस साल जनवरी में लिस्ट हुई थी BCCL
भारत कोकिंग कोल जनवरी 2026 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका 1,068.78 करोड़ रुपये का IPO 107.16 गुना भरा था। कंपनी का मार्केट कैप 15800 करोड़ रुपये है। कंपनी में पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 10 प्रतिशत हिस्सेदारी है। शेयर अब तक BSE पर 45.21 रुपये के हाई और 28.02 रुपये के लो तक गया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।