Bharat Dynamics Share Price: डिफेंस सेक्टर की दिग्गज पीएसयू भारत डायनेमिक्स के शेयरों में आज शानदार तेजी दिख रही है। इसके शेयर आज इंट्रा-डे में बीएसई पर करीब 5 फीसदी के उछाल के साथ 984.50 रुपये पर पहुंच गया। मजबूत बिजनेस आउटलुक के दम पर पिछले दो हफ्ते में यह 23 फीसदी चढ़ा है। इसके शेयरों में यह तेजी एक बड़े ऑर्डर के चलते दिख रही है। भारत डायनेमिक्स के मुताबिक इसे 25.5 करोड़ डॉलर का एक्सपोर्ट ऑर्डर मिला है। इसी ऑर्डर के चलते निवेशक धड़ाधड़ इसके शेयर खरीद रहे हैं। हालांकि अभी इसे सरकार से क्लियरेंस लेनी है। इसके अलावा एयरो इंडिया-2023 (Aero India-2023) के दौरान कुछ देशी-विदेशी कंपनियों के साथ 10 एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिग्स) साइन किए थे।
निवेश के लिए ब्रोकरेज की क्या है राय
भारत डायनेमिक्स सतह से हवा में मारने वाली मिसाइल्स, एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल्स, हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल, अंडरवॉटर वेपन्स, लॉन्चर्स, काउंटरमेजर्स और टेस्ट इक्विपमेंट बनाती है। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने पिछले महीने 8 फरवरी 2023 की रिपोर्ट में इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा था और टारगेट प्राइस 1010 रुपये पर फिक्स किया था। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक 11906 करोड़ रुपये के ऑर्डर बुक के चलते इसके रेवेन्यू में मजबूती की संभावना दिख रही है। इसके अलावा 20 हजार करोड़ रुपये का और ऑर्डर पाइपलाइन है जिसका पॉजिटिव असर कंपनी के फाइनेंशियल्स पर दिखेगा।
Bharat Dynamics के लिए शानदार रहा एयरो इंडिया
एयरो इंडिया-2023 के दौरान भारत डायनेमिक्स ने कुछ देशी- विदेशी कंपनियों के साथ 10 एमओयू साइन किए। कंपनी ने थेल्स के लिए भारत में लेजर गाइडेड रॉकेट और इसके अहम कंपोनेंट्स का प्लांट बनाने के लिए एमओयू किया है। इसके अलावा कंपनी ने यूएई की एज ग्रुप एंटिटी एएल तारिक के साथ एक एमओयू साइन किया है जिसके तहत दोनों मिलकर भारत में हर मौसम, दिन-रात और अधिक दूरी वाली प्रेसिशन गाइडेड म्यूनिशन (LR-PGM) किट्स बनाएंगी। एयरो इंडिया 2023 में भारत डायनेमिक्स ने तीन नए प्रोडक्ट्स भी लॉन्च किए थे।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।