BEL Interim Dividend: नवरत्न PSU, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (Bharat Electronics Ltd) ने अपने शेयरधारकों के लिए वित्त वर्ष 2024 के लिए दूसरे इंटरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। 15 मार्च को कंपनी के बोर्ड की बैठक में डिविडेंड पर फैसला लिया गया। शेयर बाजारों को BEL ने बताया कि बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू के एक फुली पेड अप इक्विटी शेयर पर 0.70 रुपये का दूसरा इंटरिम डिविडेंड देने का फैसला किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 23 मार्च 2024 तय की गई है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के पास BEL के शेयर होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे।
कंपनी ने कहा कि डिविडेंड का भुगतान, डिक्लेरेशन के 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। बीएसई पर भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का शेयर 15 मार्च को 188.85 रुपये पर क्लोज हुआ। पिछले एक साल में इस शेयर ने करीब 104 प्रतिशत का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 1.38 लाख करोड़ रुपये पर है।
इससे पहले Bharat Electronics Ltd ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पहले इंटरिम डिविडेंड के तौर पर भी 0.70 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड घोषित किया था। शेयर ने 9 फरवरी को एक्स डिविडेंड ट्रेड किया था। पिछले 3 साल में BEL शेयर ने 312 प्रतिशत का उछाल दर्ज किया है।
कैसी है BEL की वित्तीय स्थिति
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड एयरोस्पेस और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, दिसंबर 2023 तिमाही में बीईएल का रेवेन्यू 4,136.69 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 893.30 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी में दिसंबर 2023 के आखिर तक सरकार की हिस्सेदारी 51.14 प्रतिशत और पब्लिक की 48.86 प्रतिशत थी। BEL भारत के रक्षा मंत्रालय के तहत आने वाले 16 PSUs में से एक है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।