Bharti Airtel Q2 results: भारती एयरटेल का प्रॉफिट 31% बढ़कर 8,888 करोड़ रुपये रहा, रेवेन्यू 17% बढ़ा
सितंबर तिमाही में भारती एयरटेल का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 8,888 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अपधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 6,792 करोड़ रुपये था
5 नवंबर को भारती एयरटेल का शेयर बीएसई पर 0.5 फीसदी की गिरावट के साथ 2,056.90 रुपये पर बंद हुआ।
भारती एयरटेल ने 5 नवंबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 8,888 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अपधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 6,792 करोड़ रुपये था। हालांकि, कंपनी का मुनाफा CNBC-TV18 के 9,209 करोड़ रुपये के अनुमान से कम रहा।
सितंबर तिमाही में रेवेन्यू 16.7 फीसदी बढ़ा
कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.7 फीसदी बढ़कर 60,878 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 52,145 करोड़ रुपये था। कंपनी का कंसोलिडेटेड EBITDA 35,240 करोड़ रुपये रहा, जबकि EBITDA मार्जिन 57.9 फीसदी रहा।
अफ्रीकी बिजनेस का भी अच्छा प्रदर्शन
कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा कि एयरटेल ने लगातार एक और तिमाही अच्छा प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू तिमाही आधार पर 4 फीसदी बढ़ा है। यह कंपनी के विविध कारोबार की मजबूती को दिखाता है। उन्होंने बताया कि अफ्रीका बिजनेस ने शानदार प्रदर्शन किया। कॉन्स्टेंट करेंसी के आधार पर अफ्रीका के रेवेन्यू में तिमाही आधार पर 6.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
अपनी टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल का मिल रहा फायदा
उन्होंने कहा कि अफ्रीका के अलग-अलग बाजारों में एयरटेल की अपनी टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल का फायदा मिल रहा है। भारत में कंपनी के कारोबार का रेवेन्यू तिमाही आधार पर 2.7 फीसदी बढ़ा। वहीं, मोबाइल बिजनेस के रेवेन्यू में 3.4 फीसदी की वृद्धि हुई। कंपनी की प्रीमियमाइजेशन रणनीति और बेहतर क्वालिटी वाले ग्राहकों को जोड़ने से इस ग्रोथ को सपोर्ट मिला।
69.3 करोड़ हुआ एयरटेल का ग्राहक आधार
भारती एयरटेल का कुल ग्राहक आधार 15 देशों में बढ़कर 69.3 करोड़ हो गया। भारत और अफ्रीका में कंपनी ने तिमाही के दौरान कुल 1.2 करोड़ नए ग्राहक जोड़े। भारत में मोबाइल रेवेन्यू सालाना आधार पर 10.1 फीसदी बढ़ा। कंपनी का ARPU (प्रति यूजर औसत रेवेन्यू) भी Q2FY27 में बढ़कर 271 रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 256 रुपये था। बेहतर रियलाइजेशन और नए ग्राहकों के जुड़ने से ARPU में बढ़ोतरी हुई।
स्मार्टफोन डेटा ग्राहकों की संख्या में 29 लाख का इजाफा
एयरटेल ने तिमाही के दौरान 29 लाख नए स्मार्टफोन डेटा ग्राहक जोड़े। पिछले एक साल में ऐसे ग्राहकों की संख्या में 1.88 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। अब स्मार्टफोन डेटा ग्राहक कंपनी के कुल मोबाइल ग्राहक आधार का 81 फीसदी हैं। मोबाइल डेटा की खपत भी सालाना आधार पर 36.5 फीसदी बढ़कर प्रति ग्राहक प्रति महीने 36.5 GB हो गई।
पोस्टपेड सेगमेंट में रिकॉर्ड नए ग्राहक जुड़े
एयरटेल ने पोस्टपेड सेगमेंट में एक तिमाही के दौरान अब तक के सबसे ज्यादा 12 लाख नए ग्राहक जोड़े। इसके साथ ही कंपनी का कुल पोस्टपेड ग्राहक आधार बढ़कर 3.12 करोड़ हो गया। कंपनी ने पोस्टपेड ग्राहकों को ज्यादा वैल्यू देने के लिए Apple की iCloud+ सर्विसेज का विस्तार किया है। इसमें Apple TV और Apple Arcade जैसी सर्विसेज शामिल हैं। कंपनी का मकसद ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देना और उन्हें पोस्टपेड प्लान की ओर आकर्षित करना है।
नेटवर्क विस्तार पर कंपनी का फोकस
एयरटेल ने अपने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए तिमाही के दौरान 497 नए टावर लगाए और 11,684 मोबाइल ब्रॉडबैंड बेस स्टेशन स्थापित किए। पिछले एक साल में कंपनी ने 5,649 नए टावर लगाए और 44,718 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। इससे नेटवर्क की पहुंच, क्षमता और मजबूती बढ़ाने में मदद मिलेगी।
शेयर में 0.5 फीसदी की गिरावट
5 नवंबर को भारती एयरटेल का शेयर बीएसई पर 0.5 फीसदी गिरकर 2,056.90 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद अपने Q2FY27 के नतीजे घोषित किए। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयरों पर नतीजों का असर शुक्रवार यानी 6 नवंबर को दिखेगा।