Bharti Hexacom Share Price: फिक्स्ड लाइन टेलीफोन और ब्रॉडबैंड सर्विसेज मुहैया कराने वाली भारती हेग्जाकॉम (Bharti Hexacom) के शेयर 12 अप्रैल 2024 को लिस्ट हुए थे। तीन ही महीने में इसने आईपीओ निवेशकों का पैसा दोगुने से अधिक कर दिया है। आज इसके शेयर BSE पर 7.14 फीसदी की बाढ़त के साथ 1141.60 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं और आईपीओ निवेशकों को यह 570 रुपये के भाव पर जारी हुआ था। हालांकि पिछले महीने 26 जून 2024 को यह 1,368.85 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था यानी कि आईपीओ निवेशकों का फायदा उस समय और बढ़ा हुआ था। अब वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेपीमॉर्गन ने ओवरवेट रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है।
Bharti Hexacom पर जेपीमॉर्गन ने क्यों लगाया दांव?
जेपीमॉर्गन का कहना है कि भारती हेग्जॉकॉम का फोकस सिर्फ एक ही कारोबार पर है और इसका 98 फीसदी रेवेन्यू वायरलेस रेवेन्यू से आता है। इसका कारोबार राजस्थान और नॉर्थईस्ट के ऐसे इलाकों में फैला हुआ है, जहां टेलीफोन सर्विसेज, इंटरनेट और पोस्टपेड यूजेज की पहुंच कम है। इसके चलते हेग्कॉगम को सब्सक्राइब नंबर्स और औसतन प्रति यूजर रेवेन्यू (ARPU) विस्तार में मजबूत ग्रोथ का फायदा मिलता है। जेपीमॉर्गन के मुताबिक प्रति जनसंख्या पर इसकी स्पेक्ट्रम कॉस्ट 5जी के लिए 54 फीसदी और 4जी के लिए 62 फीसदी है जो भारती के राष्ट्रीय औसत से कम हैं। इसके अलावा हेग्जाकॉम का एआरपीयू भारती के एआरपीयू से सिर्फ 2 फीसदी ही नीचे है।
ब्रोकरेज का अनुमान है कि इस वित्त वर्ष 2025 में टैरिफ में 15 फीसदी और वित्त वर्ष 2026 में भी 15 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। इस बढ़ोतरी से वित्त वर्ष 2024-27 में कंपनी का रेवेन्यू सालाना 17 फीसदी की चक्रवृद्धि दर (CAGR) और EBITDA भी 21 फीसदी के सीएजीआर से बढ़ सकता है। ऐसे में जेपीमॉर्गन ने ओवरवेट रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है। हालांकि टारगेट प्राइस 1280 रुपये है जो इसके रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे है।
Jefferies ने रेटिंग में की कटौती
एक तरफ जेपीमॉर्गन ने भारती हेग्जाकॉम को लेकर पॉजिटिव रुझान अपनाया है तो दूसरी तरफ पिछले महीने ही जेफरीज ने इसकी रेटिंग में कटौती की थी। जेफरीज ने इसकी रेटिंग को डाउनग्रेड कर खरीदारी से होल्ड कर दिया था। हालांकि रेटिंग में कटौती के बावजूद ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 1200 रुपये से बढ़ाकर 1290 रुपये कर दिया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।