BHEL OFS: सस्ते शेयरों ने बढ़ाई बिकवाली, 6% टूटा भाव, इस भाव पर खुला ऑफर फॉर सेल इश्यू

BHEL OFS: भेल का ऑफर फॉर सेल इश्यू खुला तो शेयर धड़ाम हो गए। चेक करें कि भेल के शेयरों के ऑफर फॉर सेल के लिए क्या प्राइस फिक्स किया गया है जो यह फिसल गया और जानिए कि सरकार इस इश्यू के तहत अपनी कितनी हिस्सेदारी हल्की कर रही है और कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है?

अपडेटेड Feb 11, 2026 पर 4:03 PM
Story continues below Advertisement
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही BHELके लिए धमाकेदार रही जिसे मजबूत एग्जीक्यूशन और ऑपरेटिंग लेवरेज से सपोर्ट मिला।

BHEL OFS: दिग्गज इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयरों को सस्ते में खरीदने का मौका मिला तो निवेशकों ने धड़ाधड़ बिकवाली शुरू कर दी और यह धड़ाम हो गया। सरकार ऑफर फॉर सले (OFS) के जरिए कंपनी में अपनी हिस्सेदारी हल्की कर रही है और इसके लिए जो फ्लोर प्राइस फिक्स किया गया है, वह पिछले कारोबारी दिन को बीएसई पर इसके क्लोजिंग प्राइस (₹276.05) से करीब 8% डिस्काउंट पर है। ऐसे में जब आज इश्यू खुला तो यह धड़ाम हो गया और 6% से अधिक टूट गया। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर अधिक संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 5.58% की गिरावट के साथ ₹260.65 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 6.32% टूटकर ₹258.60 तक आ गया था।

BHEL OFS: किस भाव पर बिक रहे शेयर?

दीपम (डिपार्टमेंट ऑफ इंवेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट) के सचिव अरुणीश चावला ने X (पूर्व नाम Twitter) पर खुलासा किया कि सरकार भेल में 2% (6.96 करोड़ शेयर) के अतिरिक्त ग्रीन शू ऑप्शन के साथ 3% हिस्सेदारी (10.44 करोड़ शेयर) यानी कुल 5% हिस्सेदारी हल्की कर रही है। अभी इसमें सरकार की प्रमोटर के तौर पर 63.17% हिस्सेदारी है। इस इश्यू के लिए फ्लोर प्राइस प्रति शेयर ₹254 फिक्स किया गया है। इसमें आज और कल यानी 11 और 12 फरवरी को बोली लगा सकते हैं। हालांकि आज यह इश्यू नॉन-रिटेल इंवेस्टर्स के लिए खुला है और खुदरा निवेशकों के लिए यह कल यानी 12 फरवरी को खुलेगा। ग्रीन शू ऑप्शन को मिलाकर यह इश्यू करीब ₹4422 करोड़ का है।


कैसी है कारोबारी सेहत?

चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही भेल के लिए धमाकेदार रही जिसे मजबूत एग्जीक्यूशन और ऑपरेटिंग लेवरेज से सपोर्ट मिला। दिसंबर 2025 तिमाही में सालाना आधार पर भेल का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.4% बढ़कर ₹8,473 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 191.04% उछलकर ₹390 करोड़ पर पहुंच गया। इसे हायर अदर इनकम से सपोर्ट मिला जोकि दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर दोगुना से अधिक बढ़कर ₹108 करोड़ से बढ़कर ₹219 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो भेल का EBITDA यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट 79% बढ़कर ₹546 करोड़ पर पहुंच गया तो ऑपरेटिंग मार्जिन भी 4.2% से 6.4% पर पहुंच गया।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

भेल के शेयर पिछले साल 7 मार्च 2025 को ₹176.00 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह नौ महीने में 73.78% उछलकर 7 जनवरी 2026 को ₹305.85 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

BHEL Q3 Result: मुनाफे में 191% का तगड़ा उछाल, शेयरों की खरीदारी से पहले चेक करें रिजल्ट की खास बातें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।