दिग्गज पीएसयू भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयरों पर आज काफी दबाव दिखा। भेल के लिए चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही अप्रैल-जून बुरी रही और इसे जून तिमाही में 343.89 करोड़ रुपये का कंसालिडेटेड नेट लॉस हुआ। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 187.99 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ था। इसके चलते शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। दिन के आखिरी में आज बीएसई पर यह 2.48 फीसदी फिसलकर 96.50 रुपये के भाव (BHEL Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में तो यह 4 फीसदी से अधिक टूटकर 94.80 रुपये पर आ गया था। इसका फुल मार्केट कैप 33,601.91 करोड़ रुपये है।
