Biocon Share Price: दिग्गज फार्मा कंपनी बायोकॉन के शेयर जून तिमाही के कारोबारी नतीजे पर आज 3% से अधिक उछल पड़े। इस वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा चार गुना से अधिक हुआ तो इसके शेयरों ने जश्न मनाया। इसे कंपनी की इस वित्त वर्ष के आने वाले महीनों में ग्रोथ की मजबूत गुंजाइश से सपोर्ट मिला। शेयरों की इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 3.31% की बढ़त के साथ ₹439.05 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.49% उछलकर ₹439.85 तक पहुंच गया था।
Biocon Q1 Results: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में बायोकॉन का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर चार गुना से अधिक बढ़कर ₹31.4 करोड़ से ₹141 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू 10% बढ़कर ₹4,336 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी जून तिमाही में कंपनी मजबूत हुई। इसका ईबीआईटीडीए इस दौरान 0.6% बढ़कर ₹847.2 करोड़ हो गया तो EBITDA मार्जिन 19.43% से बढ़कर 19.54% हो गया।
जून तिमाही में बायोकॉन के लिए सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन बायोफार्मा बिजनेस रहा। इस बिजनेस का रेवेन्यू 17% बढ़कर ₹3,615 करोड़ पहुंच गया। इस दौरान कंपनी के बायोसिमिलर बिजनेस का रेवेन्यू 16% बढ़कर ₹2,855 करोड़ और जेनेरिक दवाओं से रेवेन्यू 21% बढ़कर ₹760 करोड़ हो गया। कंपनी का कहना है कि नए बायोसिमिलर और जेनेरिक प्रोडक्ट लॉन्च होने से यह बढ़त मिली। हालांकि, कंपनी के सर्विसेज बिजनेस में दबाव दिखा और इस सेगमेंट का रेवेन्यू 16% घटकर ₹736 करोड़ रुपये रह गया। बैलेंस शीट मजबूत करने की रणनीति के चलते कंपनी का ब्याज पर खर्च 23% घटकर ₹213 करोड़ रह गया तो रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर खर्च 17% बढ़कर ₹240 करोड़ हो गया।
बायोकॉन के सीईओ और एमडी श्रीहास तांबे का कहना है कि कंपनी ने जून तिमाही में अमेरिका और यूरोप समेत विकसित बाजारों में कई प्रो़डक्ट लॉन्च किए तो उभरते बाजारों में नए प्रोडक्ट और साझेदारियों के जरिए अपनी मौजूदगी बढ़ाई। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे वित्त वर्ष में ग्रोथ की रफ्तार और तेज होगी। इसका असर दूसरी छमाही के नतीजों में साफ दिखाई देगा। बायोकॉन की एग्जीक्यूटिव चेयरपर्सन किरण मजूमदार-शॉ का कहना है कि कंपनी अब रणनीतिक निवेश को टिकाऊ ग्रोथ में बदलने पर फोकस कर रही है। उन्होंने कहा कि बायोसिमिलर के लिए बेहतर नीति माहौल और अमेरिका में बढ़ी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता से लंबी अवधि की ग्रोथ को मजबूती मिलेगी।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
बायोकॉन के शेयरों ने निवेशकों को मार्केट की उठा-पटक के बीच अच्छा रिटर्न दिया है। पिछले साल 11 अगस्त 2025 को बीएसई पर यह ₹331.00 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर 11 महीने में यह 35.05% उछलकर पिछले महीने 16 जुलाई 2026 को ₹447.00 के भाव पर पहुंच गया था जोकि इसके शेयरों के लिए करीब पांच साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।