Black Opal IPO Listing: रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स की बिक्री और मार्केटिंग का काम करने वाली ब्लैक ओपल कंसल्टैंट्स के शेयरों की आज BSE SME पर प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 73 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹197 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹200.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 1.52% का लिस्टिंग गेन (Black Opal Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹210.00 (Black Opal Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 6.60% मुनाफे में हैं।
Black Opal IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
ब्लैक ओपल का ₹55 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 73.80 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 59.77 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 124.29 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 60.15 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹44 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले ₹11 करोड़ के 5.58 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹7.00 करोड़ मार्केटिंग, ₹26.00 करोड़ अयोध्या प्रोजेक्ट के डेवलपमेंट के लिए ग्रुप एंटिटी औरिका डेवलपर्स में निवेश और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Black Opal Consultants के बारे में
ब्लैक ओपल कंसल्टैंट्स रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स की बिक्री और मार्केटिंग का काम करती है। कंपनी डेवलपर्स के साथ एक्स्क्लूसिव या सेमी-एक्स्क्लूसिव सेल्स डील करती है, जिसकी बिक्री पर इसे इसे कमीशन मिलता है। इसके अलावा यह अपनी ग्रुप एंटिटी औरिका होम प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट्स की भी बिक्री और मार्केटिंग करती है। ब्लैक ओपल को डेवलपर्स और खरीदारों के लिए लोन की व्यवस्था पर कमीशन मिलता है तो ग्रुप कंपनियों के जरिए टियर-2 शहरों में यह खुद रियल एस्टेट प्रोजेक्ट डेवलप करती है। औरिका का पहला प्रोजेक्ट अयोध्या में Veda है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 68% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹12.22 करोड़ और टोटल इनकम करीब 46% के सीएजीआर से ₹42.34 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹9.52 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹24.33 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।