Bombay Coated & Special Steels IPO Listing: दिग्गज कंपनियों के लिए स्टील के सामान बनाने वाली बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 63 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹82 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE पर इसकी ₹92.02 और NSE पर ₹91.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 12% तक का लिस्टिंग गेन (Bombay Coated & Special Steels Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर BSE पर यह ₹96.62 (Bombay Coated & Special Steels Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 17.83% मुनाफे में हैं।
Bombay Coated & Special Steels IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स का ₹183 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का धमाकेदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 63.89 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 37.32 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 166.24 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 35.46 गुना भरा था।
इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 2,23,24,024 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹125.00 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹15.77 करोड़ सीमेन्स फाइनेंशियल सर्विसेज से मौजूदा लीज एरेंजमेंट्स के तहत कैपिटल इक्विपमेंट के अधिग्रहण और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Bombay Coated & Special Steels के बारे में
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स एक ऐसी कंपनी है जो बड़ी-बड़ी स्टील की शीट और कॉइल खरीदकर उन्हें अलग-अलग आकार और जरूरत के हिसाब से प्रोसेस करके दूसरी कंपनियों को बेचती है। इसके मुख्य काम प्रिसिजन स्लिटिंग यानी स्टील की बड़ी कॉइल को छोटी-छोटी चौड़ाई वाली पट्टियों में काटना, कट-टू-लेंथ यानी स्टील को ग्राहकों की जरूरत के अनुसार निश्चित लंबाई में काटना, शियरिंग यानी स्टील शीट को तय आकार में काटना और एंबॉसिंग यानी स्टील की सतह पर डिजाइन या उभरे हुए पैटर्न बनाना है।
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के भारत में कुल 4 मैन्युफैक्चरिंग प्लांट हैं, जो महाराष्ट्र के वाडा, महाराष्ट्र के भिवंडी, राजस्थान के घिलोठ और आंध्र प्रदेश के श्री सिटी में हैं। 30 जून 2026 तक के आंकड़ों के हिसाब से इसकी उत्पादन क्षमता सालाना 1,23,153 MT है यानी कंपनी के पास सालाना लगभग 1.23 लाख टन स्टील प्रोसेस करने की क्षमता है।
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल फ्रिज-एसी, वॉशिंग मशीन, ऑटोमोबाइल और ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट्स, फार्मा कंपनियों के क्लीनरूम इंफ्रा, वेंटिलेशन सिस्टम इत्यादि में होता है यानी कंपनी के ग्राहक अलग-अलग सेक्टरों में हैं। इसके ग्राहक Haier Appliances India, IFB Refrigeration, Dixon Technologies, Amber Enterprises India और Western Refrigeration जैसी दिग्गज कंपनियां हैं।
बॉम्बे कोटेड एंड स्पेशल स्टील्स के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 20% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹30.54 करोड़ और टोटल इनकम करीब 29% के सीएजीआर से ₹1,269.83 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंपनी को ₹15.08 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹397.55 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। जून 2026 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹273.69 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹96.12 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।