BPCL Share Price: पेट्रोलियम कंपनी BPCL के शेयरों में 2 फरवरी को शानदार तेजी देखने को मिली। शेयर 11 प्रतिशत तक चढ़ा और 52 सप्ताह का नया हाई छुआ। 1 फरवरी को संसद में बजट पेश होने के बाद से ही पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में तेजी है। सुबह बीएसई पर BPCL का शेयर बढ़त के साथ 515.90 रुपये पर खुला। दिन में इसने पिछले बंद भाव से 10.82 प्रतिशत तक की तेजी देखी और 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर 563.30 रुपये पर पहुंच गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर करीब 10 प्रतिशत मजबूत होकर 558.10 रुपये पर सेटल हुआ।
शेयर के लिए अपर प्राइस बैंड अब 15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 584.50 रुपये है। BPCL का शेयर पिछले एक साल में करीब 35 प्रतिशत चढ़ा है। दिसंबर 2023 के आखिर तक कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी 52.98 प्रतिशत थी। वहीं 46.71 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक के पास थी।बजट घोषणाओं से 1 फरवरी को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), BPCL, GAIL, ऑयल इंडिया (Oil India) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (Hindustan Petroleum) जैसी पेट्रोलियम कंपनियों के शेयरों में 2 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली थी।
क्या हुआ बजट 2024 में ऐसा
अंतरिम बजट 2024 के डॉक्युमेंट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चालू वित्त वर्ष में सार्वजनिक क्षेत्र के फ्यूल रिटेलर्स के लिए इक्विटी निवेश को लेकर कोई आवंटन नहीं दिखाया। हालांकि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अब 15,000 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। बजट 2023 में IOC, BPCL और एचपीसीएल को एनर्जी ट्रांजिशन प्रोजेक्ट्स उनके निवेश को सपोर्ट करने के लिए 30,000 करोड़ रुपये के इक्विटी निवेश की घोषणा की थी। IOC और BPCL में इक्विटी निवेश की योजना राइट्स इश्यू के माध्यम से बनाई गई थी। वहीं, HPCL में पूंजी निवेश इसकी पेरेंट कंपनी ONGC के माध्यम से किया जाना था। पिछले साल नवंबर में वित्त मंत्रालय ने इक्विटी समर्थन आधा कर दिया था। लेकिन यह आवंटन FY24 में लागू नहीं किया गया।
IOCL भी 10 प्रतिशत तक भागा
अन्य पेट्रोलियम कंपनियों की बात करें तो इंडियन ऑयल का शेयर भी 2 फरवरी को 10 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह एचपीसीएल का शेयर भी 7 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ, गेल का शेयर 3.6 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52 सप्ताह के नए उच्च स्तर को छू गया। ओएनजीसी के शेयर ने दिन के दौरान 5 प्रतिशत की बढ़त देखी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।