Realty Stocks: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज खरीदारी का जोरदार रुझान दिख रहा है और हर सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स ग्रीन है। रियल्टी शेयरों की बात करें तो इनमें भी खरीदारी का जोरदार रुझान है और 6 फीसदी तक तेजी आई है जिसके चलते निफ्टी रियल्टी (Nifty Realty) 3 फीसदी से अधिक उछल गया। खरीदारी के माहौल और कंपनियों के शानदार कारोबारी अपडेट पर इसकी लगातार तीन दिनों की गिरावट आज थम गई है। निफ्टी रियल्टी में 10 स्टॉक्स हैं और आज सभी ग्रीन हैं। हालांकि आज की तेजी के बावजूद निफ्टी रियल्टी इंडेक्स इस साल करीब 24 फीसदी कमजोर हुआ है जबकि इस दौरान निफ्टी 50 करीब 6 फीसदी कमजोर हुआ है।
स्टॉकवाइज क्या है स्थिति?
ब्रिगेड एंटरप्राइजेज (Brigade Enterprises) की बात करें तो मैसूर में एक रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लिए ज्वाइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट पर शेयर आज 4.5 फीसदी उछल गए। इस प्रोजेक्ट की ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) करीब 225 करोड़ रुपये है। प्रेस्टिज एस्टेट्स (Prestige Estates) में 4.4 फीसदी की तेजी आई। इसके शेयरों में तेजी इस रिपोर्ट पर आई कि कंपनी की सब्सिडियरी प्रेस्टिज हॉस्पिटैलिटी वेंचर्स बाजार नियामक सेबी के 2,000-2,500 करोड़ रुपये के आईपीओ का ड्राफ्ट फाइल करने की तैयारी कर रही है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज (Godrej Properties) के शेयर 6.5 फीसदी उछल गए क्योंकि कंपनी ने चौथी तिमाही और पूरे वित्तीय वर्ष 2025, दोनों के लिए अपनी अब तक की सबसे अधिक बुकिंग का खुलासा किया। अकेले मार्च तिमाही के लिए बुकिंग बढ़कर 10,163 करोड़ रुपये हो गई, जो दिसंबर तिमाही के मुकाबले 87 फीसदी और मार्च 2024 तिमही की तुलना में 7 फीसदी अधिक है। मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) की बात करें तो इसके शेयर 3 फीसदी उछले हैं। इसकी वजह ये है कि मार्च 2025 तिमाही में कंपनी की प्री-सेल्स रिकॉर्ड 4,810 करोड़ रुपये रही जो सालाना आधार पर 14 फीसदी अधिक है।