भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार, 2 अप्रैल को तेजी आई। दोनों बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी अच्छी-खासी बढ़त में रहे। बीएसई सेंसेक्स 592.93 अंक या 0.78 प्रतिशत की तेजी के साथ 76,617.44 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक वक्त यह 655.84 अंक तक चढ़ गया था। एनएसई निफ्टी भी 166.65 अंक या 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,332.35 पर बंद हुआ। शेयर बाजारों की तेजी के पीछे मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई के मजबूत आंकड़े, हाल में गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीद और यह उम्मीद रही कि अमेरिकी टैरिफ का घरेलू अर्थव्यवस्था पर बहुत कम असर होगा।
