BSE Ltd सितंबर 2026 की रीबैलेंसिंग में बेंचमार्क Nifty 50 इंडेक्स में शामिल होने के लिए तैयार है। हो सकता है कि यह IT दिग्गज विप्रो की जगह ले ले। यह बात Quiddity Advisors के एक विश्लेषण में कही गई है। इंडेक्स में बदलाव की शुरुआत के लिए, कम से कम एक ऐसा पात्र स्टॉक होना चाहिए, जिसका एवरेज फ्लोट मार्केट कैप (AFMC) इंडेक्स के सबसे छोटे सदस्य के AFMC से 1.5 गुना ज्यादा हो। Quiddity Advisors के एनालिस्ट जनगन जयकुमार का कहना है कि BSE फिलहाल इस शर्त को पूरा कर रहा है।
BSE का AFMC विप्रो के AFMC से 1.5 गुना ज्यादा है। इससे विप्रो Nifty 50 इंडेक्स में सबसे ज्यादा जोखिम वाला शेयर बन गया है। सिर्फ एक बदलाव होने से Nifty 50 के लिए एकतरफा फ्लो 63.9 करोड़ डॉलर रहने का अनुमान है। पिछले एक साल में BSE का स्टॉक भारत के सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले फाइनेंशियल स्टॉक्स में से एक रहा है। इसमें 63 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई है। ट्रेडिंग वॉल्यूम में जबरदस्त उछाल, रिटेल निवेशकों की बढ़ती भागीदारी, और इसके डेरिवेटिव्स कारोबार में फिर से आई तेजी ने रिकॉर्ड कमाई को बढ़ावा दिया है और तेजी को मजबूती दी है।
Wipro के शेयर की कैसी रही है चाल
इसके उलट Wipro में एक साल में 25 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई है। इस पर टेक्नोलॉजी सेक्टर में बड़े पैमाने पर कमजोरी और आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस से होने वाले बदलावों को लेकर बढ़ती चिंताओं का दबाव रहा है। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के निराशाजनक नतीजे, अनुमान से कम रेवेन्यू, और अगली तिमाही के लिए -2 प्रतिशत से 0 प्रतिशत की वृद्धि का सतर्क अनुमान, इन सभी चीजों ने कंपनी पर दबाव और बढ़ा दिया है। BFSI सेगमेंट में घटती मांग और गिरते नेट प्रॉफिट की वजह से यह स्टॉक अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर के आस-पास बना हुआ है। अगर विप्रो को निफ्टी इंडेक्स से हटा दिया जाता है, तो पैसिव आउटफ्लो 20.6 करोड़ डॉलर रहने का अनुमान है।
Adani Enterprises हो सकता है अगला हटने वाला नाम
Nifty 50 इंडेक्स से हटने वाला अगला संभावित नाम अदाणी एंटरप्राइजेज है। लेकिन सितंबर 2026 में इंडेक्स में दूसरा बदलाव होने की संभावना कम ही है। अदाणी एंटरप्राइजेज को रिप्लेस करने के लिए TVS मोटर कंपनी को काफी बेहतर प्रदर्शन करना होगा। Quiddity Advisors का अनुमान है कि संदर्भ अवधि के बाकी समय के लिए TVS Motor के शेयर की औसत कीमत को 4,757 रुपये तक पहुंचना होगा। यह शेयर की मौजूदा कीमत से लगभग 40 प्रतिशत ज्यादा है।
Nifty 100 इंडेक्स में और भी बड़े बदलाव होने की उम्मीद है। इसमें 5 नए स्टॉक शामिल किए जा सकते हैं और 5 हटाए जा सकते हैं। यह इंडेक्स फुल मार्केट कैप रैंकिंग्स का इस्तेमाल करता है और 110 से नीचे रैंक वाले किसी भी स्टॉक को हटा दिया जाता है। वहीं टॉप 90 में रैंक वाले नॉन-मेंबर्स को शामिल करने पर विचार किया जाता है। इस इंडेक्स में जिन शेयरों के शामिल होने की उम्मीद है, वे हैं BSE, हिताची एनर्जी इंडिया, पॉलीकैब इंडिया, वोडाफोन आइडिया, और भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स। जिन शेयरों के बाहर होने की उम्मीद है, वे हैं मैक्रोटेक डेवलपर्स, श्री सीमेंट, इंडियन होटल्स, REC और जाइडस लाइफसाइंसेज।
Nifty Next 50 में सीधे नतीजे के तौर पर 5 बदलाव देखने को मिलेंगे। एकतरफा फ्लो लगभग 31 करोड़ डॉलर रहने का अनुमान है। Nifty Next 50 के लिए जून 2026 में एक अलग वेट-कैपिंग रीबैलेंसिंग तय है, हालाांकि उस चरण में किसी भी स्टॉक के शामिल होने या हटाए जाने की उम्मीद नहीं है। Quiddity Advisors ने यह भी कहा कि आने वाले हफ्तों में कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव इस अनुमान को बदल सकते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।