BSE Share Price: बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के शेयर आज इंट्रा-डे में करीब 19 फीसदी फिसल गए। वर्ष 2017 में लिस्टिंग के बाद से बीएसई के शेयरों में यह एक दिन में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। बीएसई के शेयरों में बिकवाली का यह दबाव बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) के आदेश के चलते है। सेबी ने इसे ऑप्शंस कॉन्ट्रेक्ट्स के लिए टर्नओवर के दूसरे कैलकुलेशन के हिसाब से रेगुलेटरी फीस देने को कहा है। इससे बीएसई पर भारी बोझ पड़ सकता है। इसका असर आज बीएसई के शेयरों पर भी दिख रहा है। फिलहाल NSE पर यह 9.87 फीसदी की गिरावट के साथ 2,893.45 रुपये के भाव पर है। हालांकि इंट्रा-डे में यह 18.64 फीसदी फिसलकर 2,612.10 रुपये के भाव तक आ गया था।
