Bse SmallCap Shares: शेयर बाजार में 19 फरवरी के बाद से भारी गिरावट आई है। सबसे ज्यादा पिटाई स्मॉलकैप शेयरों (SmallCap Shares) की हुई है। यह पिटाई इतनी जबरदस्त थी कि निवेशकों की करीब 9 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति डूब गई। यह शेयर बाजार में निवेशकों की डूबी कुल संपत्ति का 50% से भी अधिक है। हालांकि 14 मार्च को स्मॉलकैप में रिकवरी हुई। बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स 3% से अधिक बढ़ गया। इससे पहले 19 फरवरी से अबतक इंडेक्स में करीब 12% की गिरावट आई थी।
स्मॉलकैप शेयरों ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन किया और रिटर्न के मामले में लार्जकैप शेयरों को काफी बड़े अंतर से पीछे छोड़ा था। 1 अप्रैल 2023 से 19 फरवरी, 2024 तक बीएसई सेंसेक्स का रिटर्न 24% रहा, जबकि इसके मुकाबले बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स ने 71% का रिटर्न दिया।
हालांकि पिछले 3 हफ्तों से स्मॉलकैप शेयरों में कई कारणों से गिरावट देखी जा रही है। इसमें एक मार्केट ऑपरेटक से जुड़े संस्थाओं पर ED के छापे, सेबी चेयरपर्सन की बाजार में 'बुलबुला' बनने की टिप्पणी और स्मॉलकैप-मिडकैप सेगमेंट म्यूचुअल फंड स्कीमों को 'लिक्विडिटी स्ट्रेस टेस्स' के लिए कहना आदि शामिल है। बाजार भागीदार इस बात से भी चिंतित हैं कि RBI शेयर बाजार में पैसों के फ्लो को रोकने का प्रयास कर सकता है।
इन स्मॉलकैप शेयरों को हुआ सबसे ज्यादा घाटा
इस साल 19 फरवरी से 14 मार्च के बीच BSE स्मॉलकैप इंडेक्स के करीब 16 शेयरों में अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से 40 से 56 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी गई। इनमें सबसे बड़ी गिरावट रैमकी इंफ्रास्ट्रक्चर (Ramky Infrastructure) में रही। यह पिछले एक साल में 65% चढ़ने के बाद फिर करीब 56 फीसदी गिर गया।
एंड्रयू यूल एंड कंपनी (Andrew Yule & Company) और आईएफसीआई (IFCI) के शेयरों में 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से लगभग 47 प्रतिशत की गिरावट आई। वहीं इससे पहले 1 अप्रैल 2023 से 19 फरवरी 2024 तक पिछली रैली में इन दोनों शेयरों ने क्रमश: 72 प्रतिशत और 252 प्रतिशत का रिटर्न दिया था।
लगभग 83 शेयरों में 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर से करीब 30-40 प्रतिशत का गिरावट दर्ज किया गया। वहीं 161 शेयरों में 20-30 प्रतिशत का नुकसान दर्ज किया। जिन शेयरों में 30 से 40% की गिरावट आई है, उनमें HLV लिमिटेड, ओरिएंट ग्रीन पावर, बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज, पैसालो डिजिटल, संदुर मैंगनीज और आयरन ओर्स, सालासर टेक्नो इंजीनियरिंग, संगम इंडिया, सिगाची इंडस्ट्रीज, प्रकाश इंडस्ट्रीज, विसाका इंडस्ट्रीज, इंडिया पेस्टिसाइड्स, इंडो एमाइन्स और स्पेशलिटी रेस्तरां शामिल हैं।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।