Bulk Deals: IDFC First Bank समेत इन स्टॉक्स में भारी ब्लॉक डील, इस कंपनी में प्रमोटर ने बढ़ाई हिस्सेदारी

Bulk Deals: वित्त वर्ष 2024 के आखिरी कारोबारी दिन आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) और श्रीराम फाइनेंस (ShriRam Finance) के शेयरों की भारी ब्लॉक डील हुई। इसके अलावा कुछ और स्टॉक्स की भी ब्लॉक डील्स हुई। इनका असर शेयरों पर भी दिखा। जिन शेयरों की भारी ब्लॉक डील्स हुई हैं, उसमें से कुछ में तो भारी गिरावट आई और कुछ रॉकेट बन गए

अपडेटेड Mar 29, 2024 पर 9:59 AM
Story continues below Advertisement
IDFC First Bank के एक निवेशक क्लोवरडेल इनवेस्टमेंट (Cloverdell Investment) ने अपनी पूरी हिस्सेदारी ही बेच दी।

Bulk Deals: वित्त वर्ष 2024 के आखिरी कारोबारी दिन आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) और श्रीराम फाइनेंस (ShriRam Finance) के शेयरों की भारी ब्लॉक डील हुई। इसके अलावा कुछ और स्टॉक्स की भी ब्लॉक डील्स हुई। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की बात करें तो इसके एक निवेशक क्लोवरडेल इनवेस्टमेंट (Cloverdell Investment) ने अपनी पूरी हिस्सेदारी ही बेच दी। क्लोवरडेल इनवेस्टमेंट ने 28 मार्च को इसके 15.88 करोड़ शेयरों की बिक्री की जो इसकी 2.25 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। यह बिक्री 75.24 रुपये के भाव पर हुई। इसके चलते मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में भी इसके शेयर टूट गए और गुरुवार 28 मार्च को यह 3.11 फीसदी की कमजोरी के साथ 75.39 रुपये के भाव (IDFC First Bank Share Price) पर बंद हुआ।

Shriram Finance में प्रमोटर्स की बढ़ी हिस्सेदारी

श्रीराम फाइनेंस में इस वित्त वर्ष के आखिरी कारोबारी दिन ब्लॉक डील हुई। इसके 53.80 लाख शेयरों यानी 1.59 फीसदी हिस्सदारी की 2386 रुपये के भाव पर ब्लॉक डील हुई। इन शेयरों को प्रमोटर श्रीराम वैल्यू सर्विसेज ने खरीदा जबकि विदेशी प्रमोटर सनलैम लाइफ इंश्योरेंस ने इन शेयरों की बिक्री की। दिसंबर 2023 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक सनलैम की कंपनी में 2.01 फीसदी हिस्सेदारी थी। श्रीराम वैल्यू की कंपनी में 3.46 फीसदी हिस्सेदारी थी। शेयरों की बात करें तो बीएसई पर 28 मार्च को श्रीराम फाइनेंस के शेयर 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 2,360 रुपये के भाव पर बंद हुए।


और किन शेयरों में हुई ब्लॉक डील

ICICI प्रूडेंशियल इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड ने 640 रुपये की औसत भाव पर कारट्रेड टेक के 5.92 लाख शेयर (1.26 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदे। इस बीच स्प्रिंगफील्ड वेंचर इंटरनेशनल ने 640.04 रुपये में 6.31 लाख शेयर (1.35 फीसदी हिस्सेदारी) बेचे। स्प्रिंगफील्ड के पास कंपनी में 3.51 फीसदी हिस्सेदारी थी। गुरुवार को इसके शेयर 1.89 फीसदी की गिरावट के साथ 637.35 रुपये के भाव पर बंद हुए।

गुरुवार को धानी सर्विसेज ( Dhani Services) के 1 करोड़ शेयर यानी 1.63 फीसदी हिस्सेदारी ACM Global Fund VCC ने खरीद ली। वहीं प्रमोटर्स Inuus Developers ने इसे 39.2 रुपये के भाव पर बेचा। दिसंबर 2023 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक प्रमोटर की इसमें 25.66 फीसदी हिस्सेदारी थी। गुरुवार को इसके शेयर BSE पर 2.51 फीसदी फिसलकर 38 रुपये के भाव पर बंद हुए।

दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में शामिल डुडिजिटल ग्लोबल (Dudigital Global) के 3.75 लाख शेयर (0.54 फीसदी हिस्सेदारी) Triumph Global India ने 70 रुपये के भाव पर खरीदा। एलारा इंडिया अपॉर्चुनिटीज फंड ने इसके 3.5 लाख शेयर बेचे। 27 अक्टूबर, 2023 तक एलारा के पास कंपनी में 3.29 फीसदी हिस्सेदारी थी। NSE पर डुडिजिटल ग्लोबल के शेयर 2.78 फीसदी गिरकर 70 रुपये पर आ गए।

निवेशक रमेश चंद्र बियानी ने इंड-स्विफ्ट लैब्स (Ind-Swift Labs) के 10 लाख शेयर (1.69 फीसदी हिस्सेदारी) 100.25 रुपये के औसत भाव पर खरीदे। मन मोहन मिमानी ने 100.13 रुपये के भाव पर 9.75 लाख शेयर (1.65 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदे। वहीं एडलवाइस इंडिया स्पेशल सिचुएशंस फंड II ने कंपनी के 20.16 लाख शेयर (3.41 फीसदी हिस्सेदारी) 100.24 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचे। पिछले हफ्ते एडलवाइस ने कंपनी में 5.43 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी। NSE पर इंड-स्विफ्ट लैबोरेटरीज का स्टॉक 4.01 फीसदी बढ़कर 99.9 रुपये पर पहुंच गया।

सोसाइटी जेनरल ने रेटगेन ट्रैवल टेक्नोलॉजीज (Rategain Travel Technologies) के 9.33 लाख शेयर यानी 0.79 फीसदी हिस्सेदारी 715 रुपये के भाव पर खरीदे। प्रमोटर मेघा चोपड़ा ने 715.25 रुपये के औसत भाव पर इसके 25.2 लाख शेयर यानी 2.14 फीसदी हिस्सेदारी बेची। दिसंबर 2023 तक मेघा के पास कंपनी में 12.09 फीसदी हिस्सेदारी थी। एनएसई पर रेटगेन ट्रैवल टेक के शेयर 6.21 फीसदी टूटकर 727 रुपये पर बंद हुए।

विदेशी प्रमोटर ECP III FVCI PTE ने इंडोस्टार कैपिटल फाइनेंस के 19.09 लाख शेयर यानी 1.4 फीसदी हिस्सेदारी 186.11 रुपये के औसत भाव पर बेचे। ईसीपी के पास दिसंबर 2023 तक कंपनी में 1.7 फीसदी हिस्सेदारी थी। कोहेशन एमके बेस्ट आइडियाज़ सब-ट्रस्ट ने 186.1 रुपये के भाव पर 7.60 लाख शेयर (0.56 फीसदी हिस्सेदारी) खरीदी। एनएसई पर इंडोस्टार कैपिटल फाइनेंस का शेयर 5 फीसदी बढ़कर 194.25 रुपये पर पहुंच गया।

FY24 के आखिरी दिन विदेशी निवेशकों ने 188 करोड़ की खरीदारी की

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।