Buzzing Stocks: टाटा मोटर्स से लेकर एनटीपीसी तक, आज इंट्राडे में इन 10 शेयरों पर रखें नजर
Buzzing Stocks in News: भारतीय शेयर बाजार के आज 5 मार्च को तेजी के साथ खुलने की उम्मीद है। गिफ्टी निफ्टी से मिल रहे संकेतों के मुताबिक, निफ्टी इंडेक्स करीब 26.50 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत कर सकता है। इस बीच आइए उन 10 शेयरों पर एक नजर डालते हैं, जिनमें आज खबरों के दम पर जोरदार एक्शन देखने को मिल सकता है
Buzzing Stocks: टाटा मोटर्स ने अपने कारोबार को 2 अलग-अलग कंपनियों में बांटने का फैसला किया है
Buzzing Stocks in News: भारतीय शेयर बाजार के आज 5 मार्च को तेजी के साथ खुलने की उम्मीद है। गिफ्टी निफ्टी से मिल रहे संकेतों के मुताबिक, निफ्टी इंडेक्स करीब 26.50 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत कर सकता है। इस बीच आइए उन 10 शेयरों पर एक नजर डालते हैं, जिनमें आज खबरों के दम पर जोरदार एक्शन देखने को मिल सकता है। इन शेयरों में टाटा मोटर्स से लेकर एनटीपीसी तक शामिल हैं।
1. टाटा मोटर्स (Tata Motors)
टाटा मोटर्स ने सोमवार को कहा कि उसके निदेशक मंडल ने कंपनी को दो अलग-अलग सूचीबद्ध इकाइयों में बांटने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने बताया कि कमर्शियल व्हीकल बिजनेस और उससेजुड़े निवेश को एक अलग कंपनी में रखा जाएगा। वहीं दूसरी कंपनी में पैसेंजर व्हीकल , ईवी (इलेक्ट्रिक वाहन), जेएलआर (जगुआर लैंड रोवर) और इससे संबंधित निवेश रहेंगे।
2. ईजी ट्रिप प्लानर्स (Easy Trip Planners)
ऑनलाइन ट्रैवल टेक कंपनी ने PNB EMT क्रेडिट कार्ड लॉन्च करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ साझेदारी की है। यह को-ब्रांडेड ट्रैवल क्रेडिट कार्ड बड़े पैमाने पर प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर लॉन्च किया जाएगा और इसे भारतीय यात्रियों को विभिन्न प्रकार के रिवॉर्ड देने के लिए डिजाइन किया गया है।
3. आईआईएफएल फाइनेंस (IIFL Finance)
सोने की शुद्धता की जांच और सत्यापन में गंभीर खामियां पाए जाने के बाद रिजर्व बैंक ने सोमवार को IIFL फाइनेंस लिमिटेड को गोल्ड लोन देने से तत्काल प्रभाव से रोक दिया। RBI का यह निर्देश कंपनी के सिर्फ गोल्ड लोन कारोबार से संबंधित है। आईआईएफएल फाइनेंस कई तरह के लोन और गिरवी रखकर कर्ज सुविधा मुहैया कराती है।
4. साइएंट (Cyient)
इस इंजीनियरिंग और टेक सॉल्यूशंस कंपनी ने अमेरिका में सबसे बड़े क्षेत्रीय मेडटेक एसोसिएशन, मैसाचुसेट्स मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री काउंसिल (मासमेडिक) के साथ अपनी सदस्यता की घोषणा की। यह साझेदारी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को गहरा करने के लिए Cyient के एक रणनीतिक कदम का प्रतीक है।
5. सीएसबी बैंक (CSB Bank)
भारतीय रिजर्व बैंक ने कार्यभार संभालने की तारीख से तीन साल के लिए सीएसबी बैंक के फुलटाइम डायरेक्टर (एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर) के रूप में बीके दिवाकर की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। CSB अब निर्धारित अवधि के भीतर इस नियुक्ति के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगेगा।
6. एनटीपीसी (NTPC)
एनटीपीसी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश में रिन्यूएबल एनर्जी पार्क और परियोजनाएं विकसित करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) के साथ एक ज्वाइंट वेंचर समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। प्रस्तावित कंपनी से पैदा होने वाली रिन्यूएबल एनर्जी, UPRVUNL के नवीकरणीय उत्पादन दायित्वों (आरजीओ) को पूरा करेगी।
7. एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक (AU Small Finance Bank)
भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक और फिनकेयर स्मॉल फाइनेंस बैंक के 53 करोड़ अमेरिकी डॉलर के विलय सौदे को मंजूरी दी। रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा कि विलय की प्रभावी तिथि इस साल एक अप्रैल होगी और फिनकेयर एसएफबी की सभी शाखाएं उस दिन से एयू एसएफबी की शाखाओं के रूप में कार्य करेंगी।
8. टाटा कम्युनिकेशंस (Tata Communications)
भारत सरकार के दूरसंचार विभाग ने टाटा कम्युनिकेशंस को कंपनी के मौजूदा एकीकृत लाइसेंस समझौते के तहत राष्ट्रीय क्षेत्र में M2M सेवाएं प्रदान करने के लिए एक अतिरिक्त प्राधिकरण प्रदान किया है।
9. एलटीआई माइंडट्री (LTIMindtree)
कंपनी की प्रोडक्ट डिवीदन फॉस्फोर ने, फॉस्फोर डिसीजन क्लाउड (FDC) लॉन्च किया है। यह एक कनेक्टेड फैब्रिक है जो कंपनियों को ऑटोमेटिक, मॉड्यूलर, भरोसेमंद डेटा परिवर्तन पाइपलाइन बनाने, प्रभावशाली AI एप्सलिकेशंस को बनाने और तैनात करने और बेहतर व्यावसायिक निर्णय तेजी से लेने के लिए AI की शक्ति का उपयोग करने के लिए डेटा व्यवस्थित करने में मदद करता है।
10. स्वान एनर्जी (Swam Energy)
एनर्जी सेक्टर की कंपनी स्वान एनर्जी ने सोमवार को कहा कि उसकी प्राकृतिक गैस इकाई स्वान एलएनजी प्राइवेट लिमिटेड ने लेंडर्स के एक समूह से लिए गए 2,206 करोड़ रुपये के कर्ज का पूर्व-भुगतान कर दिया है। इस कर्ज के पूर्व-भुगतान के बाद स्वान एलएनजी का कर्ज घटकर 1,611 करोड़ रुपये रह गया है और कंपनी की सालाना ब्याज लागत में लगभग 250 करोड़ रुपये की कमी आएगी।