Gainers & Losers: निफ्टी एक्सपायरी के दिन बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिला और अंत में सेंसेक्स, निफ्टी की फ्लैट क्लोजिंग हुई। मिडकैप, स्मॉलकैप शेयरों में दबाव रहा जबकि बैंकिंग, PSE, फार्मा इंडेक्स बढ़त पर बंद हुआ। FMCG, रियल्टी, ऑटो शेयरों पर दबाव रहा। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 16.82 अंक यानी 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ 80,065.16 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 36.10 अंक यानी 0.15 फीसदी की गिरावट के साथ 24,399.40 के स्तर पर बंद हुआ।
आज इन शेयरों में रहा सबसे ज्यादा एक्शन
CARE Ratings (Rs 1,407, +20%) | आज शेयर में 20 फीसदी की अपरसर्किट हिट किया है। FY25 की सितंबर तिमाही में केयर रेटिंग्स का प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 46.88 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, तिमाही के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में 22 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी देखी गई और यह 117.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Piramal Pharma (Rs 252.7, +16.1%) | आज यह शेयर 18 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। कंपनी ने जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2024 छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 350 प्रतिशत बढ़कर 22.59 करोड़ रुपये हो गया। इस बीच ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2241.75 करोड़ रुपये हो गया।
Sona BLW (Rs 728, +13.03%) | आज स्टॉक में 13 फीसदी से ज्यादा की रैली देखने को मिली। जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे अच्छे रहने और Escorts Kubota के साथ एक डील के चलते शेयरों में खरीद बढ़ी है। सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसीशन फोर्जिंग्स का जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 15.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 143.57 करोड़ रुपये हो गया। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 922.18 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Aster DM (Rs 441.95, +9.94%) | आज यह शेयर 14 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। हॉस्टिपटल चेन चलाने वाली कंपनी ने सितंबर तिमाही में 96.84 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी 30.79 करोड़ रुपये के घाटे में रही थी। यानी अब घाटे से मुनाफे में आ गई है। इसके साथ ही कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 1,086 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की इसी अवधि में 934 करोड़ रुपये रही थी।
Hindustan Unilever (Rs 2,504.75, -5.81%) | आज शेयर 6 फीसदी की गिरावट लेकर बंद हुआ।एचयूएल के लिए सितंबर तिमाही कैसी रही। जुलाई-सितंबर 2024 में कंपनी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 2.4 फीसदी गिरकर 2591 करोड़ रुपये पर आ गया लेकिन रेवेन्यू 2.1 फीसदी बढ़कर 16145 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि वॉल्यूम ग्रोथ 3 फीसदी रही जबकि एनालिस्ट्स का अनुमान 5 फीसदी ग्रोथ का था।
SBI Life (Rs 1,635.9, -4.67%) | आज यह शेयर 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट लेकर बंद हुआ। एसबीआई लाइफ ने सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में सालाना 39% की वृद्धि दर्ज की। पिछले वर्ष की समान अवधि में ₹380 करोड़ की तुलना में नेट प्रॉफिट ₹529 करोड़ पर पहुंच गया। तिमाही में नेट प्रीमियम इनकम में सालाना आधार पर 1 फीसदी की मामूली वृद्धि देखी गई, जो कुल ₹20,266 करोड़ रही।
Hindalco (Rs 690.5, -3.71%) | आज यह शेयर 7 फीसदी की गिरावट लेकर बंद हुआ। Constellium SE के तिमाही नतीजों के बाद इसके शेयर में 28 प्रतिशत की तेज गिरावट को हिंडाल्को के शेयर में गिरावट की अहम वजह माना जा रहा है। ऑटोमोटिव सेक्टर में डिमांड मंद होने के कारण नोवेलिस के सामने भी वही चुनौतियां आने का डर है, जैसी कि Constellium SE के सामने रहीं। Constellium SE ने कई एंड मार्केट्स में कमजोर मांग और स्विस फैसिलिटीज में बाढ़ के कारण पैदा हुई रुकावट के चलते जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में कम मुनाफा और रेवेन्यू रिपोर्ट किया।