CarTrade Tech Q1 Results: देश की सबसे बड़ी डिजिटल मार्केटप्लेस इकोसिस्टम कारट्रेड टेक के शेयरों को आज इसके कारोबारी नतीजे से ऐसा झटका लगा कि यह 7% से अधिक टूट गया। जून तिमाही में सालाना आधार पर इसके मुनाफे और रेवेन्यू में उछाल के बावजूद शेयर टूट गए क्योंकि तिमाही आधार पर इसके रेवेन्यू में करीब 1% की गिरावट और मुनाफे में करीब 21% की फिसलन ने निवेशकों का मूड बिगाड़ दिया। बिकवाली का दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर काफी दबाव में हैं। फिलहाल बीएसई पर यह 3.52% की गिरावट के साथ ₹2,850.10 पर है। इंट्रा-डे में यह 7.22% टूटकर ₹2,741.00 तक आ गया था।
CarTrade Tech Q1 Result: खास बातें
चालू वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2026 में कंसालिडेटेड लेवल पर कारट्रेड टेक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 19.52% उछलकर ₹51.24 करोड़ पर पहुंच गया और ऑपरेशंस से रेवेन्यू भी 16.25% बढ़कर ₹201.16 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी की सेहत मजबूत हुई और इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट 45% बढ़कर ₹63 करोड़ और मार्जिन 25.1% से 31.3% पर पहुंच गया।
सभी बिजनेस वर्टिकल्स में कंपनी का परफॉरमेंस मजबूत रहा। इसके कंज्यूमर ग्रुप का रेवेन्यू 18% बढ़ा तो ईबीआईटीडीए की ग्रोथ 33% रही। रीमार्केटिंग बिजनेस का रेवेन्यू 13% बढ़ा और ईबीआईटीडीए में 38% की तेजी आई। सबसे बेहतर परफॉरमेंस ओएलएक्स इंडिया का रहा जिसका रेवेन्यू 29% की रफ्तार से बढ़ा तो ईबीआईटीडीए में 76% की शानदार तेजी आई।
कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हर महीने औसतन करीब 8 करोड़ यूनिक विजिटर्स आए। तिमाही आधार पर इसमें तेजी आई। इसका 95% ट्रैफिक ऑर्गेनिक रहा। 500 से अधिक लोकेशंस पर इसकी सर्विसेज ऑपरेट हो रही हैं। इसके अहम डिजिटल प्लेटफॉर्म कारवाले, बाइकवाले और ओएलएक्स इंडिया पर हर एक पर सालाना 15 करोड़ से अधिक यूनिक विजिटर्स हैं।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल
कारट्रेड टेक के ₹2,999 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹1618 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। 20 अगस्त 2021 को 1% से अधिक डिस्काउंट पर लिस्टिंग के बाद इसके शेयरों पर दबाव बढ़ा और उठा-पटक के साथ 17 मार्च 2023 को ₹341.05 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इस निचले स्तर पर आने के बाद यह संभला और उछलकर 17 नवंबर 2025 को ₹3,291.35 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।