शॉर्ट-टर्म में CEAT के मार्जिन पर रहेगा दबाव, पर आगे Camso करा सकता है फायदा; ब्रोकरेज को शेयर में कितना दिख रहा दम
Camso को लेकर Ceat का मानना है कि सितंबर 2028 तक ब्रांड माइग्रेशन पूरा हो जाएगा। उसके बाद फायदा धीरे-धीरे अनलॉक होगा। OHT पोर्टफोलियो में 20-25 प्रतिशत मार्जिन है। इससे कंपनी के कंसोलिडेटेड मार्जिन को भी मदद मिलनी चाहिए
Ceat अगले तीन सालों में मिशेलिन से कैमसो का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
टायर और रबर प्रोडक्ट बनाने वाली सिएट का कहना है कि उसके मार्जिन पर शॉर्ट-टर्म में दबाव रहेगा। इसकी वजह है कच्चे माल की कीमतों और उसके प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी। लेकिन आगे इसमें सुधार होगा। कंपनी ने हाल ही में इनवेस्टर मीट में अपने ग्रोथ और मार्जिन का रोडमैप पेश किया। कंपनी ने लॉन्ग-टर्म में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद जताई है। साथ ही कैमसो की खरीद से होने वाले बदलाव से नई संभावनाओं पर भरोसा जताया है। कंपनी का मानना है कि कैमसो की खरीद से 20 प्रतिशत तक का ऑपरेटिंग मार्जिन और 1 अरब डॉलर का सालाना रेवेन्यू हासिल होगा।
कंपनी अगले तीन सालों में मिशेलिन से कैमसो का पूरा कंट्रोल अपने हाथ में लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कैमसो प्रीमियम ऑफ-हाइवे टायर ब्रांड है। पिछले सितंबर में, Ceat ने Michelin Group से उसकी श्रीलंकाई संपत्तियों के अधिग्रहण की घोषणा की थी। उम्मीद है कि यह कदम उसे ज्यादा मुनाफे वाले ऑफ-हाइवे टायर (OHT) कारोबार में एक वैश्विक खिलाड़ी के रूप में स्थापित करेगा।
शॉर्ट-टर्म की बात करते हुए कंपनी ने कहा कि मांग मजबूत बनी हुई है। हालांकि, कीमतों में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए, वित्त वर्ष 2027 की अक्टूबर-मार्च अवधि में मांग में कुछ कमी आ सकती है। अप्रैल-जून 2026 तिमाही में कच्चे माल की लागत तिमाही आधार पर 20 प्रतिशत बढ़ सकती है। कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव की वजह से अप्रैल-सितंबर में मार्जिन पर दबाव बना रहेगा। सिएट का Ebitda मार्जिन अभी 13-15 प्रतिशत है।
Camso को लेकर Ceat का मानना है कि सितंबर 2028 तक ब्रांड माइग्रेशन पूरा हो जाएगा। उसके बाद फायदा धीरे-धीरे अनलॉक होगा। OHT पोर्टफोलियो में 20-25 प्रतिशत मार्जिन है। इससे कंपनी के कंसोलिडेटेड मार्जिन को भी मदद मिलनी चाहिए।
52 वीक के हाई से 25 प्रतिशत नीचे है शेयर
सिएट के शेयर की कीमत 27 मई को बीएसई पर 3295.35 रुपये पर बंद हुई। गुरुवार, 28 मई को शेयर बाजार बकरीद के चलते बंद हैं। कंपनी का मार्केट कैप 13300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 4,431.60 रुपये है। फिलहाल शेयर की कीमत इस हाई से 25 प्रतिशत से ज्यादा नीचे है।
सिएट का शेयर BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। इसने 2 साल में 38 प्रतिशत रिटर्न दिया है। 6 महीनों में कीमत 15 प्रतिशत नीचे आई है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 47.29 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
शेयर पर ब्रोकरेज की राय
नोमुरा
सिएट के शेयर के लिए नोमुरा ने 'बाय' रेटिंग के साथ 4,276 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि Ceat की मौजूदा वैल्यूएशन FY28 की एंटरप्राइज वैल्यू-टू-Ebitda के लगभग 6x पर है, जो कि सस्ती है। FY26-28 के दौरान Ebitda के लगभग 14 प्रतिशत की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ने की उम्मीद है। FY28 तक इक्विटी पर रिटर्न (RoE) सामान्य होकर लगभग 17 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
नोमुरा के मुताबिक, Ceat ने पैसेंजर कार रिप्लेसमेंट (PCR) सेगमेंट में लगातार अपनी मार्केट हिस्सेदारी बढ़ाई है। प्रीमियम पैसेंजर कार और UV कैटेगरी में यह सिर्फ 4 तिमाहियों में पाँचवें स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। टू-व्हीलर सेगमेंट में इसने अपनी लीडरशिप बरकरार रखी है। आगे चलकर, कंपनी पैसेंजर वाहनों और ट्रक व बस रेडियल्स (TBR) में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने पर फोकस कर रही है। इलेक्ट्रिक वाहन (EV) सेगमेंट में भी व्यावसायिक हिस्सेदारी बढ़ाने का लक्ष्य है। इसके अलावा Camso में ऑफ-हाईवे टायर (OHT) सेगमेंट में वैश्विक मांग को पूरा करने की प्रबल क्षमता है। यह Ceat के लिए डायवर्सिफिकेशन में सहायक सिद्ध होगा। ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY28 में CAMSO का रेवेन्यू लगभग 46 करोड़ डॉलर रहेगा।
कंपनी के मैनेजमेंट ने लगभग 1 अरब डॉलर के रेवेन्यू का अनुमान रखा है। हालांकि ब्रोकरेज का यह भी मानना है कि अधिक सेगमेंट में विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयास भविष्य में विकास को गति देने वाले ट्रिगर साबित हो सकते हैं। निकट भविष्य में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण मार्जिन पर कुछ जोखिम आ सकता है। हो सकता है कि कंपनी कीमतों का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डाले।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने सिएट के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 4,228 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि कंपनी ने CAMSO को लेकर जो रोडमैप पेश किया है, उसके मुताबिक, आने वाले सालों में यह कारोबार 20-25 प्रतिशत Ebitda मार्जिन हासिल करने की क्षमता रखता है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कच्चे माल की कीमतों में अप्रैल-जून 2026 में तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 15-20 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी होने का अनुमान है। हालांकि Ceat ने पहले ही कीमतों में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है, फिर भी 5 प्रतिशत की अंडर-रिकवरी बनी हुई है। इससे निकट-अवधि में मार्जिन पर दबाव बने रहने का अनुमान है। हालांकि, Camso से लॉन्ग टर्म में मिलने वाले फायदे, मार्जिन दबाव से जुड़ी निकट-अवधि की चिंताओं को दूर कर देंगे।
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज
एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज ने शेयर के लिए 'रिड्यूस' रेटिंग बरकरार रखी है। 3,600 रुपये प्रति शेयर का टारगेट सेट किया है। ब्रोकरेज ने इसके पीछे निकट-अवधि में मार्जिन पर दबाव, कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मांग में संभावित कमी आदि का हवाला दिया है। ब्रोकरेज का मानना है कि Camso की ग्रोथ मुख्य रूप से वित्त वर्ष 2027 के बाद ही देखने को मिलेगी। वित्त वर्ष 2027 के दौरान लागत का दबाव बना रहेगा, वित्त वर्ष 2028 से मार्जिन में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, और इसके पूरे लाभ केवल वित्त वर्ष 2029 में ही मिल पाएंगे, उससे पहले नहीं।
देगी ₹35 का फाइनल डिविडेंड
सिएट वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 35 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने वाली है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद 30 दिनों के अंदर डिविडेंड का पेमेंट शेयरहोल्डर्स को कर दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं हुई है। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।