Ceat Share Price: सीएट के शेयर 17 जुलाई को क्रैश कर गए। सुबह में शेयर कमजोर खुले। उसके बाद बिकवाली के दबाव से क्रैश कर गए। 11:45 बजे शेयर का प्राइस 7.65 फीसदी गिरकर 3,535 रुपये चल रहा था। गिरावट की वजह जून तिमाही में कंपनी का कमजोर प्रदर्शन है। इस दौरान रेवेन्यू ग्रोथ स्ट्रॉन्ग रहने के बावजूद प्रॉफिट में तेज गिरावट आई। रॉ मैटेरियल की कीमतों में उछाल इसकी वजह रही।
जून तिमाही में प्रॉफिट 96 फीसदी फिसला
Ceat का शेयर 17 जुलाई को एक समय 9 फीसदी से ज्यादा गिर गया था। बाद में यह थोड़ा संभलने में सफल रहा। जून तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 4 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि में 112 करोड़ रुपये के प्रॉफिट के मुकाबले 96.4 फीसदी कम है। हालांकि, ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 22.4 फीसदी बढ़कर 4,318 करोड़ रुपये रहा।
EBITDA मार्जिन में भी आई बड़ी गिरावट
जून तिमाही में सीएट के EBITDA में भी गिरावट आई। यह साल दर साल आधार पर 5.7 फीसदी घटकर 365 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन एक साल पहले की जून तिमाही में 11 फीसदी से घटकर 8.5 फीसदी पर आ गया। कंपनी ने रॉ मैटेरियल की कीमतों में उछाल, पश्चिम एशिया में लड़ाई को प्रॉफिट में गिरावट की वजह बताई है। इस वजह से कंपनी को जून तिमाही में बिक्री बढ़ने का फायदा नहीं मिला है।
कंपनी का 1205 करोड़ पूंजीगत खर्च का प्लान
जून तिमाही में प्रॉफिट में तेज गिरावट के बावजूद कंपनी के लॉन्ग टर्म ग्रोथ प्लान पर असर नहीं पड़ा है। सीएट ने बड़े इनवेस्टमेंट का ऐलान किया है। कंपनी का बोर्ड नागपुर स्थित कंपनी के प्लांट की मैन्युफैक्चरिंग कपैसिटी बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे चुका है। इस पर 1,205 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़कर रोजाना करीब 53,000 टायर की हो जाएगी।
दूसरी टायर कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट
17 जुलाई को दूसरी टायर कंपनियों के शेयरों में भी गिरावट दिखी। बालकृष्ण इंडस्ट्रीज का शेयर 1.21 फीसदी गिरकर 2,115 रुपये पर चल रहा था। अपोलो टायर्स का शेयर 0.68 फीसदी की कमजोरी के साथ 429 रुपये था। जेके टायर का शेर 4 फीसदी गिरकर 403 रुपये पर चल रहा था। टीवीएस श्रीचक्र का शेयर 1.38 फीसदी की गिरावट के साथ 4,135 रुपये पर चल रहा था। गुडईयर इंडिया के शेयर में भी गिरावट दिखी।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में अच्छी तेजी
शेयर बाजारों में 17 जुलाई को अच्छी तेजी दिखी। 12 बजे निफ्टी 0.81 फीसदी यानी 194 अंक चढ़कर 24,266 पर चल रहा था। सेंसेक्स 1 फीसदी यानी 799 अंक के उछाल के साथ 77,989 पर था। बैंक निफ्टी में भी 0.90 फीसदी की तेजी दिखी। लेकिन, मिडकैप इंडेक्स पर दबाव दिखा। 16 जुलाई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बगैर किसी खास बदलाव के बंद हुए थे।