टायर बनाने वाली कंपनी CEAT के शेयरों में आज 9 दिसंबर को 12 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर 10.45 फीसदी की बढ़त के साथ 3415.35 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, इंट्राडे में स्टॉक ने 3466.40 रुपये के अपने नए 52-वीक हाई को छू लिया। दरअसल, कंपनी ने कैमसो ब्रांड (Camso Brand) का अधिग्रहण करने के लिए मिशेलिन ग्रुप (Michelin Group) के साथ एग्रीमेंट किया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में जमकर खरीदारी हो रही है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 13,819 करोड़ रुपये हो गया है।
एग्रीमेंट के अनुसार CEAT कैमसो ब्रांड के ऑफ-हाइवे कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट टायर और ट्रैक्स बिजनेस का अधिग्रहण करेगा। इस अधिग्रहण की लागत $22.5 करोड़ है और ब्रांड को तीन साल की लाइसेंसिंग अवधि के बाद CEAT को सौंप दिया जाएगा। इसके लिए कैश ट्रांजेक्शन अगले छह से नौ महीनों में पूरा होने की संभावना है।
नए अधिग्रहण के बाद एक्सपर्ट्स के लिए CEAT पसंदीदा टायर स्टॉक बन गया है। ब्रोकरेज फर्म इन्वेस्टेक ने ₹3750 के टारगेट प्राइस के साथ CEAT पर अपनी "Buy" रेटिंग को बनाए रखा। यह स्टॉक टायर सेगमेंट में इन्वेस्टेक की पसंदीदा पिक है। ब्रोकरेज ने कहा कि यह अधिग्रहण सही दिशा में उठाया गया कदम है और इससे स्पेशियलिटी टायर सेगमेंट में सिएट की ग्रोथ को तेजी से बढ़ाने में मदद मिलेगी।
हालांकि, नोमुरा ने 3051 रुपये के टारगेट के साथ CEAT पर "न्यूट्रल" रुख बनाए रखा और कहा है लंबी अवधि में विकास की संभावना मामूली है। CEAT पर कवरेज करने वाले 23 एनालिस्ट्स में से 15 ने इसे "Buy" की सलाह दी है। तीन ने इसे "होल्ड" करने के लिए कहा है, जबकि उनमें से पांच ने इसे "बेचने" की सलाह दी है।
CEAT के CEO ने अधिग्रहण पर क्या कहा?
आज 9 दिसंबर को CNBC-TV18 के साथ बातचीत में CEAT के CEO अनंत गोयनका ने कहा कि कैमसो ब्रांड का बड़ा अधिग्रहण कैलेंडर ईयर 2026 से देखा जा सकता है और डील के बाद मार्जिन में कुछ बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, चालू वित्त वर्ष के लिए गोयनका को उम्मीद है कि रबर की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण मार्जिन पर कुछ दबाव देखने को मिलेगा। गोयनका ने यह भी कहा कि आगे चलकर कुल कारोबार का 25% हिस्सा ऑफ-हाइवे ट्रक सेगमेंट में होगा, जिससे मार्जिन में बढ़ोतरी होगी।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।