Hero Motors Q2 Results: आईपीओ के बाद पहला रिजल्ट, मुनाफा 115% बढ़ा; रेवेन्यू में भी उछाल

Hero Motors Q2 Results: आईपीओ के बाद Hero Motors का पहला तिमाही रिजल्ट दमदार रहा। कंपनी का मुनाफा 115% बढ़ा, जबकि रेवेन्यू में करीब 25% उछाल आया। अब ब्रिटेन की Hewland Engineering में हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Oct 13, 2026 पर 10:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Hero Motors का शेयर मंगलवार को NSE पर 0.82% गिरावट के साथ ₹154.44 पर बंद हुआ।

Hero Motors Q2 Results: ऑटो कंपोनेंट बनाने वाली Hero Motors का दूसरी तिमाही में मुनाफा दोगुने से ज्यादा बढ़ गया। कंपनी ने मंगलवार, 13 अक्टूबर को नतीजे जारी किए। यह पिछले महीने लिस्टिंग के बाद कंपनी का पहला रिजल्ट है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी को ₹10.2 करोड़ का नेट प्रॉफिट हुआ। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹4.73 करोड़ था। यानी मुनाफे में करीब 115% की बढ़ोतरी हुई।

कंपनी का रेवेन्यू भी 24.9% बढ़कर ₹319.3 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹255.7 करोड़ था। वहीं, EBITDA 92% बढ़कर ₹35.9 करोड़ पहुंच गया। एक साल पहले यह ₹18.7 करोड़ था। EBITDA मार्जिन में भी सुधार हुआ। यह पिछले साल के 7.3% से बढ़कर 11.3% हो गया। यानी कंपनी की कमाई का मार्जिन बेहतर हुआ है।

ब्रिटेन की कंपनी में हिस्सेदारी बढ़ाएगी


Hero Motors अपनी सब्सिडियरी कंपनी Hewland Engineering में हिस्सेदारी बढ़ाने जा रही है। कंपनी इसके मौजूदा शेयरधारकों William Hewland और Siobhan Hewland से 39% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदेगी। इस सौदे पर करीब 6 लाख पाउंड खर्च होंगे।

इस खरीद के बाद Hewland Engineering में Hero Motors की हिस्सेदारी 51% से बढ़कर 90% हो जाएगी। सौदे के तहत £1 की कीमत वाले 8,039 शेयर खरीदे जाएंगे। कंपनी को उम्मीद है कि यह सौदा करीब छह महीने में पूरा हो जाएगा। इसके लिए किसी सरकारी या नियामकीय मंजूरी की जरूरत नहीं है।

क्या काम करती है Hewland Engineering?

Hewland Engineering ब्रिटेन की कंपनी है। इसकी शुरुआत 29 मई 1957 को हुई थी। यह हाई-परफॉर्मेंस गाड़ियों के ट्रांसमिशन और ड्राइवट्रेन से जुड़े पार्ट्स बनाती है। कंपनी मोटरस्पोर्ट, इलेक्ट्रिक गाड़ियों और एयरोस्पेस सेक्टर के लिए भी काम करती है। इसके अलावा, यह ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से इंजीनियरिंग समाधान तैयार करती है और रिसर्च पर भी पैसा खर्च करती है।

Hero Motors का कारोबार

Hero Motors ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए पावरट्रेन से जुड़े प्रोडक्ट बनाती है। कंपनी इनकी डिजाइनिंग से लेकर मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई तक का काम करती है। इसका कारोबार भारत के अलावा अमेरिका, यूरोप और आसियान क्षेत्र में भी फैला है।

कंपनी दोपहिया गाड़ियों, इलेक्ट्रिक साइकिल, ऑफ-रोड गाड़ियों, इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड कारों के लिए प्रोडक्ट बनाती है। भारी गाड़ियों के लिए भी इसके पास सॉल्यूशंस हैं। BMW, Ducati, Enviolo, Formula Motorsport, Hummingbird EV और HWA जैसी कंपनियां इसकी ग्राहक हैं।

Hero Motors का शेयर मंगलवार को NSE पर 0.82% गिरावट के साथ ₹154.44 पर बंद हुआ। हालांकि, स्टॉक अभी भी अपने आईपीओ प्राइस से करीब 56.95% ऊपर है।

Q2 Results: ट्रांसफॉर्मर्स बनाने वाली कंपनी का मुनाफा 135% बढ़ा, रेवेन्यू में 61% का उछाल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।