CG Power Shares: सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस के शेयर आज 30 मई को कारोबार के दौरान 4 फीसदी बढ़कर 660 रुपये के भाव पर पहुंच गए। विदेशी ब्रोकरेज फर्म यूबीएस (UBS) ने कंपनी के शेयरों का टारगेट प्राइस बढ़ा दिया है। इसी के बाद इसके शेयरों में यह तेजी आई है। UBS ने सीजी पावर के शेयर के लिए 850 रुपये का नया टारगेट दिया है। यह नया टारगेट इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 35 प्रतिशत की तेजी आने का संकेत देता है। UBS का इस शेयर को लेकर पिछला टारगेट प्राइस 580 रुपये था।
एनालिस्ट्स का कहना है कि कंपनी काफी सोच-समझकर कैपिटल एलोकेशन कर रही है और इस फंड आवंटन से आने वाली तिमाहियों में इसका मुनाफा बढ़ सकता है। इसके अलावा, मजबूत पूंजी आवंटन के कारण मध्यम अवधि में इसका रेवेन्यू बी बढ़ सकता है। यूबीएस ने कहा, "कंपनी के पास अपनी श्रेणी में सबसे अधिक मुनाफा और ऑप्शन वैल्यू है।"
NSE पर, दोपहर 2 बजे के करीब, सीजी पावर के शेयर 2.5 फीसदी की तेजी के साथ 647.35 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले एक महीने में सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस के शेयर की कीमत में 18 प्रतिशत की तेजी आई है। वहीं इस साल की शुरुआत से अबतक कंपनी का शेयर करीब 44 फीसदी बढ़ा है।
सीजी पावर का स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में मामूली रूप से बढ़कर 240.59 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 240.23 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर भी कंपनी का मुनाफा बढ़ा है क्योंकि दिसंबर तिमाही में यह 216.47 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2024 में, कंपनी का स्टैंडअलोन प्रॉफिट 28 फीसदी बढ़कर 1,004 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष में 785 करोड़ रुपये था। वहीं सीजी पावर का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 1,902 करोड़ रुपये से उछलकर 2,191 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस कंपनी को क्रॉम्पटन ग्रीव्स लिमिटेड के नाम से भी जाना जाता है।