Get App

चीन की Tencent के शेयर्स में 10% से अधिक गिरावट, बच्चों को ऑनलाइन गेम्स से नुकसान का असर

कंपनी की मार्केट वैल्यू में पिछले सप्ताह की शुरुआत से 110 अरब डॉलर की कमी आ चुकी है

MoneyControl Newsअपडेटेड Aug 03, 2021 पर 10:29 PM
चीन की Tencent के शेयर्स में 10% से अधिक गिरावट, बच्चों को ऑनलाइन गेम्स से नुकसान का असर

चीन की बड़ी इनवेस्टमेंट कंपनियों में शामिल Tencent Holdings के शेयर में मंगलवार को 11 प्रतिशत तक की गिरावट आई। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के बच्चों को ऑनलाइन गेम्स की लत लगने से हो रहे नुकसान पर रिपोर्ट देने से कंपनी को बड़ा नुकसान हुआ है।

टेनसेंट होल्डिंग्स ने कहा है कि वह 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए ऑनलाइन गेम्स खेलने पर पूरी तरह रोक लगाने पर विचार कर रही है।

इससे यह आशंका बढ़ गई है कि चीन सरकार एजुकेशन और टेक सेक्टर्स से जुड़ी ऑनलाइन कंपनियों पर सख्ती करने के बाद ऑनलाइन एंटरटेनमेंट के लिए कड़े नियम जारी कर सकती है।

शिन्हुआ की रिपोर्ट में एक छात्र के हवाले से बताया गया था कि उसके कुछ दोस्त टेनसेंट की एक लोकप्रिय गेम को दिन में आठ घंटे तक खेलते हैं। इसके बाद बच्चों के ऑनलाइन गेम्स पर बिताए जाने वाले समय पर नियंत्रण करने की मांग उठ रही है।

टेनसेंट ने कहा है कि वह बच्चों के लिए खेलने की लिमिट को कम करने पर विचार कर रही है। इसे सप्ताह के दिनों के दौरान केवल एक घंटा और छुट्टियों के दौरान दो घंटे तक सीमित किया जा सकता है।

कंपनी की ओर से यह बयान आने के बाद टेनसेंट के साथ ही NetEase और  XD Inc के शेयर्स में भी भारी गिरावट आई। इनवेस्टर्स ने इन कंपनियों के शेयर्स में बिकवाली की।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें