Citichem IPO Listing: दवाईयों और केमिकल्स की खरीदारी और सप्लाई करने वाली सिटीकेम के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर फ्लैट एंट्री हुई और इसके बाद शेयर और नीचे आ गए। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को ओवरऑल 414 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 70 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी 70 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। लिस्टिंग के बाद आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह 66.50 रुपये (Citichem Share Price) पर आ गया। दिन के आखिरी में यह 68.28 रुपये पर बंद हुआ यानी कि आईपीओ निवेशक अब 2.46% फीसदी घाटे में हैं।
Citichem IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
सिटीकेम का ₹12.60 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 27-31 दिसंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 414.35 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 543.18 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 18 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी प्रॉपर्टी खरीदने, ट्रांसपोर्टेशन वीईकल्स और एक्सेसरीज खरीदने, इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
वर्ष 1992 में बनी सिटीकेम इंडिया इंडस्ट्रीज के लिए थोक में दवाईयां, फूड केमिकल, ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक केमिकल्स की खरीदारी कर सप्लाई करने के कारोबार में हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 23.94 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 36.26 लाख रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 1.12 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 52 फीसदी की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से गिरकर 19.61 करोड़ रुपये पर आ गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2024 में इसे 19.95 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा और 1.49 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।