ICICI प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के शेयर पर एक और ब्रोकरेज फर्म ने कवरेज शुरू किया है और वह है CLSA। इस ब्रोकरेज ने रेटिंग 'आउटपरफॉर्म' रखी है और टारगेट प्राइस 3500 रुपये प्रति शेयर दिया है। यह टारगेट स्टॉक के क्लोजिंग लेवल से 7.5 प्रतिशत ज्यादा है। CLSA ने कहा कि ICICI प्रूडेंशियल AMC भारत के सबसे बड़े और सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाले एसेट मैनेजरों में से एक है। इसका मार्केट शेयर पिछले एक दशक यानि कि 10 सालों से लगभग 13 प्रतिशत पर स्थिर बना हुआ है।
भारतीय म्यूचुअल फंड (MF) इंडस्ट्री पिछले एक दशक में लगभग 20 प्रतिशत की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ी है। एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गए हैं, जिससे इसे मजबूत स्ट्रक्चरल ग्रोथ का सहारा मिला है। ICICI प्रूडेंशियल AMC के पास सबसे बड़ा एक्टिवली मैनेज्ड AUM बेस है, जिसमें इक्विटी का हिस्सा ज्यादा है।
ब्रोकरेज ने कहा कि इसकी वजह से यह इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा नेट रेवेन्यू यील्ड (लगभग 50 बेसिस पॉइंट्स) और ऑपरेटिंग प्रॉफिट यील्ड (लगभग 35 बेसिस पॉइंट्स) देने में सक्षम है। CLSA को उम्मीद है कि कंपनी वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2028 के बीच AUM में लगभग 18 प्रतिशत CAGR की ग्रोथ देखेगी। शुद्ध मुनाफे में लगभग 16 प्रतिशत की ग्रोथ होगी।
ICICI Prudential AMC को और कौन से बड़े ब्रोकरेज कर रहे कवर
इससे पहले बुधवार को HSBC ने 'बाय' रेटिंग और 3,600 रुपये के प्राइस टारगेट के साथ ICICI Prudential AMC के शेयर पर कवरेज शुरू किया था। HSBC ने इसके पीछे प्रमुख ऑपरेटिंग और फाइनेंशियल मेट्रिक्स पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदों के साथ-साथ ऑपरेटिंग लेवरेज से मिलने वाले फायदों का हवाला दिया था। पिछले हफ्ते बर्नस्टीन ने भी 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग और 3,500 रुपये के प्राइस टारगेट के साथ इस स्टॉक पर कवरेज शुरू किया था। मार्च महीने के आखिर में मोतीलाल ओसवाल ने 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया था। एक साल का टारगेट प्राइस ₹3500 प्रति शेयर रखा था। इस स्टॉक को कवर करने वाले 15 एनालिस्ट में से 14 ने 'बाय' रेटिंग दी है, जबकि एक ने 'होल्ड' की सलाह दी है।
ICICI प्रूडेंशियल AMC की शुरुआत 1998 में हुई थी। यह दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका 10,602.65 करोड़ रुपये का IPO 39.17 गुना भरा था। कंपनी में ICICI Bank के पास 53 प्रतिशत और प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स के पास 35 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
शेयर ने क्रिएट किया नया रिकॉर्ड हाई
ICICI प्रूडेंशियल AMC के शेयर में 9 अप्रैल को तेजी है। शेयर BSE पर पिछले बंद भाव से 4.7 प्रतिशत तक चढ़कर 3272 रुपये तक गया। यह शेयर का लिस्टिंग के बाद से अब तक का नया उच्च स्तर है। बाद में शेयर 4 प्रतिशत बढ़त के साथ 3254 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.60 लाख करोड़ रुपये है। शेयर एक सप्ताह में 14 प्रतिशत मजबूत हुआ है। 3 महीनों में 22 प्रतिशत की तेजी देख चुका है।
ICICI Prudential AMC का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 45 प्रतिशत बढ़कर 917 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 632 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 23.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1514.67 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। दिसंबर 2024 तिमाही में रेवेन्यू 1226.66 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।