सेंसेक्स (BSE Sensex) की टॉप 10 कंपनियों में से 8 के मार्केट कैप (m-cap) में बीते सप्ताह 2,28,690.56 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान HDFC Bank और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) को हुआ। केवल टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप बढ़ा। बीते सप्ताह BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,829.48 अंक या 2.69 प्रतिशत के नुकसान में रहा। नेशनल स्टॉक का Nifty (NSE Nifty) 518.1 अंक या 2.56 प्रतिशत टूटा। मंगलवार को ‘गणेश चतुर्थी’ के मौके पर बाजार बंद रहे थे। गुजरे सप्ताह में HDFC Bank का मार्केट कैप (Market Capitalisation) 99,835.27 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 11,59,154.60 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले सप्ताह कंपनी के शेयर में करीब 8 प्रतिशत की गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 71,715.6 करोड़ रुपये घटकर 15,92,661.42 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी का शेयर गुजरे सप्ताह 4 प्रतिशत से अधिक टूटा। इसी तरह ICICI Bank का मार्केट कैप 29,412.17 करोड़ रुपये घटकर 6,65,432.34 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 12,964.55 करोड़ रुपये घटकर 5,10,759.01 करोड़ रुपये रह गया।
इन्फोसिस, ITC, SBI को कितने का झटका
इन्फोसिस का 6,744.34 करोड़ रुपये घटकर 6,20,893.53 करोड़ रुपये, ITC का 6,484.52 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5,52,680.92 करोड़ रुपये, बजाज फाइनेंस का 1,266.37 करोड़ रुपये गिरकर 4,52,773 करोड़ रुपये और SBI का मार्केट कैप 267.74 करोड़ रुपये घटकर 5,33,781.04 करोड़ रुपये रह गया। दूसरी ओर हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 2,913.49 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 5,83,239.04 करोड़ रुपये और TCS का m-cap 1,024.53 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 13,18,228.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
टॉप 10 की लिस्ट में कौन अव्वल
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries Limited) पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: TCS, HDFC Bank, ICICI Bank, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), ITC, SBI (State Bank of India), भारती एयरटेल और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा।