पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और रुपये में कमजोरी के कारण बीते सप्ताह स्थानीय शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। इसके चलते देश की टॉप 10 मोस्ट वैल्यूएबल कंपनियों में से 9 के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में कुल मिलाकर 3.12 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को हुआ। सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 2,090.2 अंक या 2.7 प्रतिशत टूट गया। निफ्टी में 532.65 अंक या 2.2 प्रतिशत की गिरावट आई।
टॉप 10 कंपनियों में केवल भारती एयरटेल का मार्केट कैप बढ़ा, जबकि अन्य ने गिरावट देखी। सप्ताह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 1,34,445.77 करोड़ रुपये घटकर 18,08,420.81 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का मार्केट कैप 52,245.3 करोड़ रुपये घटकर 8,88,862.32 करोड़ रुपये पर आ गया।
इसी तरह टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप 47,415.04 करोड़ रुपये घटकर 8,19,062.65 करोड़ रुपये, बजाज फाइनेंस का 27,892.28 करोड़ रुपये घटकर 5,66,717.74 करोड़ रुपये, HDFC Bank का 20,630.01 करोड़ रुपये घटकर 11,82,069.25 करोड़ रुपये, ICICI Bank का 14,290 करोड़ रुपये घटकर 8,92,385.39 करोड़ रुपये, लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 9,078.87 करोड़ रुपये घटकर 5,37,542.34 करोड़ रुपये, हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 3,970.8 करोड़ रुपये घटकर 5,33,592.18 करोड़ रुपये और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का मार्केट कैप 2,182.12 करोड़ रुपये घटकर 5,05,367.32 करोड़ रुपये रहा।
भारती एयरटेल को कितना नुकसान
इस रुख के उलट भारती एयरटेल का मार्केट कैप 42,470.13 करोड़ रुपये बढ़कर 11,60,525.16 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमश: HDFC Bank, भारती एयरटेल, ICICI Bank, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और LIC का स्थान रहा।
नए शुरू हो रहे सप्ताह में 19 मई को NSE SME पर RFBL Flexi Pack की लिस्टिंग हो सकती है। इसका IPO ₹35.33 करोड़ का था और 21.48 गुना भरा था। इसी दिन BSE SME पर Goldline Pharmaceutical के शेयर अपनी शुरुआत कर सकते हैं। इस कंपनी का पब्लिक इश्यू ₹11.61 करोड़ का था और 840.74 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।