Concord Biotech Share Price: बायोफार्मा और API कंपनी कॉनकॉर्ड बायोटेक में 28 मई को एक ब्लॉक डील के जरिए 37 लाख शेयरों की बिक्री हुई है। शेयरों की यह संख्या कंपनी की 3.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। यह ट्रांजेक्शन 1401 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर हुआ है और ट्रांजेक्शन की वैल्यू 519 करोड़ रुपये आंकी गई है। ट्रांजेक्शन से जुड़े बायर और सेलर को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है।
हालांकि CNBC-TV18 ने एक दिन पहले सोर्सेज के हवाले से रिपोर्ट दी थी कि Concord Biotech के शेयरहोल्डर्स में से एक Ontario Inc 468.40 करोड़ रुपये के शेयर बेचना चाहती है। इस ब्लॉक डील से कॉनकॉर्ड बायोटेक के शेयरों में बिकवाली का दबाव है। बीएसई पर सुबह शेयर गिरावट के साथ 1397.95 रुपये पर खुला। फिर यह पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़ककर 1365.10 रुपये के लो तक गया। हालांकि बाद में संभला और ट्रेडिंग बंद होने पर 2.52 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1406 रुपये पर सेटल हुआ।
झुनझुनवाला फैमिली के पास 24% हिस्सेदारी
मार्च 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 44.08 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स की 55.92 प्रतिशत थी। Ontario Inc के पास 5.39 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कॉनकॉर्ड बायोटेक में दिग्गज इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला की फैमिली का भी पैसा लगा है। इस फैमिली की कंपनी में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
Concord Biotech से लिस्टिंग से अब तक कितना रिटर्न
Concord Biotech शेयर बाजार में 18 अगस्त 2023 को लिस्ट हुई थी। बीएसई पर लिस्टिंग डे पर क्लोजिंग प्राइस से लेकर 27 मई के क्लोजिंग प्राइस तक शेयर 53 प्रतिशत मजबूत हुआ है। पिछले 6 महीनों में शेयर की कीमत करीब 15 प्रतिशत चढ़ी है। कंपनी का मार्केट कैप 14700 करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।