Daily Voice: इंश्योरेंस स्टॉक लॉन्ग टर्म नजरिए से निवेश करने वाले निवेशकों के लिए अच्छे नजर आ रहे हैं। वर्तमान स्थितियों में लंबी अवधि के पोर्टफोलियो में लाइफ और हेल्थ इंश्योरेंस शेयरों को शामिल करना एक बेहतर रणनीति होगी। ये बातें Germinate Investor Services LLP के फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर संतोष जोसेफ ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कही हैं। यहां हम आपके लिए इस बातचीत का संपादित अंश दे रहे हैं।
इंश्योरेंस कारोबार के विस्तार की काफी संभावनाएं
जोसेफ ने इस बातचीत में कहा कि भारत में इंश्योरेंस कारोबार के विस्तार की काफी संभावनाएं हैं। देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा अभी भी इंश्योरेंस सुविधा से वंचित है। ऐसे में देश में बढ़ती समृद्धि के साथ ही इस क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं नजर आ रही हैं। बैंकिंग सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि बैंक और फाइनेंशियल सेक्टर ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। इनका दूसरी तिमाही का प्रदर्शन भी मजबूत रहा है।
PSU की तुलना में प्राइवेट बैंक बेहतर
इकोनॉमी में कर्ज की मांग में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में फाइनेंशियल सर्विसेज और खासतौर से बैंक स्टॉक काफी अच्छे नजर आ रहे हैं। लेकिन अगर आप यह पूछें कि पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक में कौन बेहतर नजर आ रहा है तो "मैं ये कहना चाहूंगा कि निवेश के नजरिए से प्राइवेट बैंक ज्यादा बेहतर नजर आ रहे हैं। क्योंकि इनकी प्रचालन क्षमता काफी बेहतर है। मैनेजमेंट ज्यादा मजबूत है। ऐसे में आगे प्राइवेट बैंकों के कारोबार में बेहतर ग्रोथ की संभावना नजर आ रही है"।
आईटी में लंबे नजरिए से करें निवेश
आईटी सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साल और इस साल अब तक आईटी सेक्टर में बहुत कुछ हो चुका है। अब तक अधिकांश आईटी स्टॉक 30-40 फीसदी टूट चुके हैं। ऐसे में अभी भी कुछ लोग ऐसे हो सकते हैं कि जो आईटी के बॉटम आउट होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कुछ ऐसे लोग भी हैं, जो कॉन्ट्राबेट के तौर पर आईटी सेक्टर में खरीदारी की शुरुआत कर चुके हैं। इस समय आईटी सेक्टर में लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अच्छे मौके नजर आ रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।