ब्याज दरों में बढ़त की संभावना, अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता, महंगाई में आ रही नरमी और इक्विटी मार्केट में भारतीय रिटेल निवेशकों की लगातार जारी भागीदारी को देखते हुए हमारा अनुमान है कि मार्केट में एक बड़ी तेजी देखने को मिलेगी। टाटा AIA लाइफ इंश्योरेंस के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट और इन्वेस्टमेंट ऑफिसर हर्षद पाटिल ने ये बातें मनीकंट्रोल के साथ हुई एक बातचीत में कही हैं। इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि ग्लोबल मंदी के दबाव के बावजूद भारतीय इकोनॉमी अगले साल दुनिया की सबसे तेजी से ग्रोथ करती बड़ी इकोनॉमी में से एक होगी। इसके चलते भारतीय बाजार में बड़ी मात्रा में विदेशी पैसा आता दिखेगा।
इन्फ्रास्ट्रक्चर और फाइनेंशियल सेक्टर के स्टॉक बेहतर निवेश विकल्प
हर्षद पाटिल की राय है कि घरेलू और ग्लोबल मार्केट की स्थितियों को देखते हुए और 2024 के चुनाव के पहले सरकार की तरफ से कैपेक्स में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए अगले साल के लिए हमें इन्फ्रास्ट्रक्चर और फाइनेंशियल सेक्टर के स्टॉक सबसे बेहतर निवेश विकल्प नजर आ रहे हैं।
सीमेंट सेक्टर में जारी रहेगा कंसोलीडेशन
सीमेंट सेक्टर पर बात करते हुए हर्षद पाटिल ने कहा कि पिछले कुछ सालों से इस सेक्टर में हमें कंसोलिडेशन देखने को मिल रहा है। इस बात की संभावना है कि तमाम बड़ी सीमेंट कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता में विस्तार कर सकती हैं। जिसके चलते आगे भी हमें से सेक्टर में और कंसोलिडेशन की संभावना है।
आईटी सेक्टर पर बात करते हुए हर्षद पाटिल ने कहा कि ग्लोबल मंदी के चलते भारतीय आईटी कंपनियों को बड़ी विदेशी कंपनियों से मिलने वाले ऑर्डर में कमी की संभावना के चलते हमें आईटी सेक्टर पर दबाव देखने को मिल रहा है। हालांकि मंदी की संभावना के अधिकांश असर को बाजार अब तक पचा चुका है। इसके चलते आईटी शेयरों की काफी पिटाई हो चुकी है। ऐसे में आगे हमें और गिरावट की संभावना नहीं दिख रही है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।