थोड़ा मुश्किल होने के बावजूद साल 2023 इक्विटी बाजार के लिए 2022 की तुलना में बेहतर रहेगा। साल 2022 में इक्विटी मार्केट का रिटर्न लो सिंगल डिजिट में था। 2023 में हमें इससे बेहतर रिटर्न मिलने की उम्मीद हैं। ये बातें एक्सिस सिक्योरिटीज के नवीन कुलकर्णी ने मनीकंट्रोल से हुई बातचीत में कही हैं। नवीन का मानना है कि ये आईटी शेयरों में खरीदारी शुरू करने का सही समय नहीं है। इस समय आईटी कंपनियों के कारोबार में मंदी देखने को मिल रही है। उन्होंने ये भी कहा कि वित्त 2024 को लेकर अभी स्थितियां साफ नहीं हैं। ऐसे में आईटी कंपनियों में खरीदारी शुरू करने के लिए सबसे बेहतर समय चौथी तिमाही के नतीजे आने के बाद का होगा।
यूनियन बजट 2023 में बढ़ेगा पूंजी खर्च
यूनियन बजट 2023 से जुड़ी उम्मीदों पर बात करते हुए नवीन कुलकर्णी ने कहा कि इलेक्शन के पहले के इस बजट में हमें सरकार की तरफ से विकास कार्यों पर होने वाला कैपिटल एक्सपेंडीचर (पूंजी खर्च) बढ़त नजर आ सकती है।
टेलीकॉम स्टॉक्स को पोर्टफोलियो में करें शामिल
उन्होंने टेलीकॉम सेक्टर पर बात करते हुए कहा कि इस सेक्टर में रेवेन्यू और मार्जिन में मजबूती कायम रहने की संभावना नजर आ रही है। टेलीकॉम स्टॉक डिफेंसिव स्टॉक माने जाते हैं। ऐसे में हमें बाजार के किसी आकस्मिक जोखिम से निपटने के लिए टेलीकॉम शेयरों को पोर्टफोलियो में शामिल करना चाहिए।
बैंकिंग शेयर लग रहे अच्छे
इस समय आपको सबसे बेहतर सेक्टर कौन सा नजर आ रहा है, इस सवाल का जवाब देते हुए कुलकर्णी ने कहा कि अच्छे क्रेडिट ग्रोथ और NPA में कमी को देखते हुए इस समय बैंकिंग शेयर अच्छे नजर आ रहे हैं। हालांकि इस साल की दूसरी छमाही में बैंकिंग सेक्टर को कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। इसके बावजूद इनमें हमें अच्छी ग्रोथ देखने को मिलेगी।
लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के वैल्यूएशन अच्छे
क्या आपको लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के वैल्यूएशन अच्छे नजर आ रहे हैं। इस सवाल का जवाब देते हुए नवीन ने कहा कि लाइफ इंश्योरेंस कंपनियों के मासिक आंकड़े अच्छे रहे हैं। इस सेक्टर के वैल्यूएशन इस समय अच्छे दिख रहे हैं। ऐसे में डिफेंसिव समझे जाने वाले लाइफ इंश्योरेंस सेक्टर के मजबूत अर्निंग संभावनाओं वाली कंपनियों में निवेश के अच्छे मौके नजर आ रहे हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।